कार्रवाई के लिए तैयार रहें बागी

By: Jan 21st, 2017 12:02 am

नाराज होकर कांग्रेस के खिलाफ उतरने वालों को अमरिंदर की दोटूक

चंडीगढ़— पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी के बागी उम्मीदवारों से राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान से हटने या फिर ताउम्र पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। कैप्टन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान से हटने वालों को उन्होंने विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर महत्त्वपूर्ण पदों पर समायोजित करने का वादा किया है, लेकिन जो अभी भी चुनाव मैदान में बने हुए हैं, उन्हें वह चेतावनी देते हैं कि उनके सदा के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है और इसके बाद उनकी वापसी की कोई संभावना नहीं रह जाएगी।

400 प्रवासी भारतीय संभालेंगे कांग्रेस की डोर

चंडीगढ़ — विदेशों से करीब चार सौ प्रवासी भारतीय पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार करने इस सप्ताह के अंत तक पहुंच रहे हैं। प्रवासी भारतीयों के जत्थे को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस सप्ताह के अंत तक पंजाब रवाना करेंगे। इनमें अधिकांश कनाडा, इग्लैंड से आ रहे हैं। इंग्लैंड एनआरआई इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की अगवाई में करीब अढ़ाई सौ लोगों का जत्था अगले दो दिन में पंजाब पहुंच रहा है। कनाडा के विभिन्न स्थानों से 150 से अधिक एनआरआई कांग्रेस के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। कनाडा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अमरप्रीत औलख पहले ही भारत पहुंच कर पार्टी को अपना समर्थन दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा के प्रवासी भारतीय पंजाब में निचले स्तर से पार्टी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए प्रचार में सहायता करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App