कोहरे और शीतलहर से ठिठुरा ऊना

By: Jan 18th, 2017 12:05 am

ऊना —  जिला ऊना शीतलहर की चपेट में आ गया है। प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से ऊना भी ठिठुरने पर मजबूर हो गया है। मंगलवार को जिला में सर्दियों के इस सीजन का सबसे अधिक ठंडा दिन रहा। जिला में अधिकतम तापमान सीजन में सबसे कम रहा। ऊना की रातें तो ठंडी थीं ही, अब दिन में भी शीतलहर चल रही है। जिला में अधिकतम तापमान करीब सात अंक लुढ़क कर 11.6 डिग्री पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 16 जनवरी को अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री था। जनवरी माह में मौसम के करवट लेने के बाद शीतलहर ने पूरे जिला को अपनी चपेट में लिया है। सुबह-सवेरे ऊना को धुंध ने घेर रखा था। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई थी। कोहरे के चलते सड़क व रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे। पूरा दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो पाए। दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिसने ठंड को और बढ़ा दिया। ठंडी हवाओं के चलने से लोग दिन भर ठिठुरते रहे। पूरा दिन बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। सड़कों पर दोपहिया वाहन भी नामात्र ही दिखे। ठंड के चलते बाजारों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते रहे। हीटरों व ब्लोअर के सहारे घरों में लोग ठंड से बचे रहे। मौसम विभाग के अधिकारी विनोद शर्मा ने कहा कि मंगलवार को सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान 11.6 दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि ठंड का प्रकोप कुछ दिन और रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App