डा. प्रदीप कुमार को लोकमणि पुरस्कार

By: Jan 19th, 2017 12:03 am

पोमैटो की खोज पर कृषि विवि के वैज्ञानिक को मिलेगा इनाम

NEWSपालमपुर— ‘पोमैटो’ का पौधा विकसित करने वाले पालमपुर स्थित कृषि विवि के वैज्ञानिक डा. प्रदीप कुमार को लोकमणि सम्मान से नवाजा जाएगा। उत्तर प्रदेश की भारत-भारती संस्था 23 जनवरी को आयोजित किए जाने वाले समारोह में डा. प्रदीप कुमार को सम्मानित करेगी। गौर रहे कि पालमपुर स्थित कृषि विवि के वेजिटेबल साइंस एंड फ्लोरीक्लचर विभाग के वैज्ञानिकों ने वंडर प्लांट पोमैटो तैयार किया है। इसमें एक ही पौधे से आलू और टमाटर की फसल तैयार की जा रही है। पोमैटो का पौधा ग्राफ्टिंग तकनीक से तैयार किया गया है। इसमें भूमि से ऊपर के भाग पर टमाटर और जमीन के नीचे आलू लग रहे हैं। यह विधि ऐसे लोगों के लिए लाभप्रद है, जिनके पास जमीन कम है। पोमैटो प्राकृतिक तौर पर नहीं उगता है, न ही इसका कोई बीज है, क्योंकि इस पौधे के दोनों भाग अनुवांशिक तौर पर अलग रहते हैं और अपने पोषण और विकास के लिए एक-दूसरे पर निर्भर रहते हैं। डा. प्रदीप द्वारा पोमैटो विकसित करने में किए गए प्रयासों के मद्देनजर भारत-भारती संस्था ने कृषि क्षेत्र में उनको लोकमणि पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को संस्था के सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश में वार्षिक अलंकरण पर्व में डा. प्रदीप को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

डा. भार्गव की जरबेरा पर प्रस्तुति सर्वश्रेष्ठ

पालमपुर — हिमालयन जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान के युवा वैज्ञानिक डा. भव्य भार्गव द्वारा नागालैंड में आयोजित नेशनल कान्फे्रंस में जरबेरा पर दी गई मौखिक प्रस्तुति को सर्वश्रेष्ठ आंका गया है। इसके लिए डा. भार्गव को वहां विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। नागालैंड के मेडजीफेमा में स्थित सेंट्रल इंस्टीच्यूट ऑफ हार्टिकल्चर में 13 से 15 जनवरी तक राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। ‘एडवांसेज इन इंडियन फ्लोरिकल्चर विद फोकस ऑन नॉर्थ ईस्ट एंड हिल रीजन’ पर आयोजित नेशनल कान्फे्रंस में डा. भव्य भार्गव ने ‘डिवेलपमेंट ऑफ  नोवल जरबेरा कल्टीवर्ज थ्रू हाइब्रिडाइजेशन’ विषय पर व्याख्यान दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जरबेरा की बहुत मांग है। जरबेरा विश्व में बिकने वाली फूलों की प्रजातियों में पांचवें स्थान पर है। सीएसआईआर संस्थान ने जरबेरा की सात नई किस्में विकसित की हैं। संस्थान के निदेशक डा.संजय कुमार ने डा. भार्गव को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App