देश में सबसे पहले धर्मशाला बनेगा स्मार्ट

By: Jan 18th, 2017 12:03 am

नीदरलैंड ने पायलट स्मार्ट प्रोजेक्ट में हिमाचली शहर को दी तरजीह

newsधर्मशाला  —  पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला को देश के अन्य चयनित शहरों में से सबसे पहले स्मार्ट शहर बनाया जाएगा। नीदरलैंड सरकार ने स्मार्ट सिटी के तहत पायलट प्रोजेक्ट के लिए सबसे पहले हिमाचल के धर्मशाला शहर का चयन किया है। इतना ही नहीं स्मार्ट सिटी धर्मशाला में आगामी सितंबर-अक्तूबर माह में ग्लोबल स्मार्ट सिटी कानक्लेव का आयोजन भी किया जाएगा। मंगलवार को नीदरलैंड के प्रधानमंत्री के सलाहकार बराम रेंडर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधि दल ने स्मार्ट सिटी में चयनित धर्मशाला का दौरा किया। इस दौरान परियोजना के तहत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। परियोजना के तहत नीदरलैंड ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत देश भर मे चयनित स्मार्ट सिटी की सूची में से धर्मशाला स्मार्ट सिटी को अपना पहला शहर चुना है, जिसके तहत इस परियोजना पर लगभग तीन करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इस पायलट प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए तीन पार्टनरशिप होंगी। प्रतिनिधि दल 25 जनवरी को नीदरलैंड सरकार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इसके उपरांत नीदरलैंड सरकार केंद्र सरकार के साथ इस स्मार्ट सिटी परियोजना पर कार्य करेगी। फिर प्रदेश सरकार केंद्र से मिलकर कार्य करेगी। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने बताया कि आगामी सितंबर-अक्तूबर माह के दौरान धर्मशाला में ग्लोबल स्मार्ट सिटी कानक्लेव का आयोजन किया जाएगा। इस कानक्लेव में देश एवं विदेश के स्मार्ट सिटी के महापौर और इस परियोजना से जुडे़ अन्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड सरकार स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत केंद्र सरकार की मदद करेगी। इससे पहले नीदरलैंड सरकार के साथ प्रदेश सरकार के समझौते के तहत वर्ष 2014 से ही ठोस कचरा प्रबंधन पर कार्य चल रहा है, जिसके तहत धर्मशाला स्मार्ट सिटी को करीब 40 लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। स्मार्ट सिटी के तहत प्रदेश सरकार नीदरलैंड सरकार से आधुनिक चिकित्सा, शिक्षा तथा पर्यटन पर विशेष सहयोग लेगी, ताकि लोगों को अधिक से अधिक फायदा मिल सके। इससे पूर्व शहरी विकास मंत्री ने नीदरलैंड के प्रतिनिधि दल का शाल व टोपी पहना कर स्वागत किया व स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत दी जा रही सहायता के लिए नीदरलैंड सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त कैप्टन जेएम पठानिया ने सभी मेहमानों का स्वागत किया तथा धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना पर किए जा रहे कार्य की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर नीदरलैंड से आए प्रतिनिधियों में वेन डेर लुग्गत, एनडी यडसीमा, नगर निगम के उपमहापौर देविंद्र जग्गी, निगम के पार्षद, अतिरिक्त आयुक्त सतीश चौधरी के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App