पद्धर की अर्चना, ऊना के नरेश अव्वल

By: Jan 18th, 2017 12:03 am

नॉर्थ जोन में क्रोशिया में झटका पहला स्थान

newsपद्धर —  इंडियन नेशनल ट्रस्ट ऑफ आर्ट एंड कल्चर हैरिटेज (इन्टेक) द्वारा गत वर्ष आयोजित की गई क्रोशिया प्रतियोगिता में नेता जी सुभाष चंद्र स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पद्धर की छात्रा अर्चना ने उत्तरी जोन भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का आयोजन डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी में मंडी चैप्टर द्वारा किया गया था, जिसमें गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी और हिमाचल की छात्राओं ने हिस्सा लिया था। प्रधानाचार्य सुनीता शर्मा ने कुमारी अर्चना की इस शानदार उपलब्धि के लिए संस्थान की ओर से छात्रा को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि इस महीने की भारतीय संस्कृति की निधि पत्रिका विरासत में पृष्ठ नंबर 39 पर इसका पूर्ण विवरण प्रकाशित हुआ है। मंगलवार को स्कूल में ट्रस्ट के मंडी चैप्टर के संयोजक नरेश मल्होत्रा ने अर्चना के साथ-साथ अन्य प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया।

युवा महोत्सव में जीता फोटोग्राफी कंपीटीशन

newsऊना —  हरियाणा के रोहतक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में ऊना जिला का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका है। ऊना जिला के नरेश कुमार पुत्र पुरुषोत्तम दास निवासी अपर अंदौरा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित फोटाग्राफी प्रतियोगिता में पहला स्थान झटका है। नेहरू युवा केंद्र की ओर से हरियाणा के रोहतक में 12 से 16 जनवरी तक आयोजित 21वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में  नेरश ने उक्त पुरस्कार जीता है। युवा महोत्सव में 29 राज्यों के प्रतिभागियों में मुकाबला हुआ। नरेश कुमार महावीर यूथ क्लब लोअर अंदौरा के सदस्य भी हैं। कई सामाजिक गतिविधियों में भी वह अग्रणी भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही फोटाग्राफी में भी रुचि रखते हैं। ऊना पहुंचने पर नेहरू युवा केंद्र ऊना के अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा नरेश को सम्मानित किया गया। नेहरू युवा केंद्र ऊना के लेखाकार विजय कुमार ने बताया कि नरेश ने जिला, प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। जिसके लिए उन्होंने और अन्य स्टाफ सदस्यों ने नरेश को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App