पद्धर में सड़क पर उतरी युवा शक्ति

By: Jan 22nd, 2017 12:05 am

पद्धर – उपमंडल की विभिन्न समस्याओं को लेकर युवा शक्ति संगठन ने शनिवार को अंबेडकर भवन में बैठक का आयोजन किया, जिसमें लगभग 350 लोगों ने भाग लिया। बैठक के बाद संगठन ने पद्धर बाजार में रैली निकलते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और बस स्टैंड पर एक जनसभा का आयोजन किया। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भड़वाहन पंचयात के प्रधान कमांडो जितेंद्र कुमार तथा मुख्य सलाहकार व पूर्व जिला परिषद सदस्य रविकांत ने कहा कि वर्ष 2015 में युवा शक्ति संगठन ने लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यलय जो कि पद्धर से मंडी शिफ्ट किया गया है, उसकी वापसी तथा क्षेत्र की अन्य मांगों को लेकर 18 दिन की भूख हड़ताल और सात दिन का आमरण अनशन किया था, जिसे प्रसाशन ने जबरन तुड़वाया था। उन्हीं मागों को लेकर युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल शनिवार से दोबारा आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनके आमरण अनशन में पहले दिन उपमंडल के तीस से अधिक महिला मंडल व युवक मंडल तथा  विभिन्न सामाजिक संगठन व व्यापार मंडल के सदस्यों ने हिस्सा लिया। युवा शक्ति संगठन ने प्रदेश सरकार को गत दिनों पहले उपमंडल की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन भी दिए और युवा शक्ति संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भी धर्मशाला में मिला था, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। मजबूरन संगठन को दोबारा संघर्ष का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है। संगठन ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यलय शीघ्र पद्धर में स्थापित किया जाए। सिविल अस्पताल में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र शुरू किया जाए। उपमंडल के सभी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की सभी मांगों को जल्द पूरा किया जाए अन्यथा संगठन आंदोलन को और भी उग्र करेगा। इस मौके पर संगठन के सचिव अजय चौहान, उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, सलाहकार कमल चौहान, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App