पीडब्ल्यूडी को साढे़ तीन करोड़ की चपत

By: Jan 17th, 2017 12:07 am

newsचंबा – बेरहम बर्फबारी व बारिश से लोक निर्माण विभाग को बीते 24 घंटों के दौरान जिला में करीब साढे़ तीन करोड़ रुपए की चपत लगी है। बर्फबारी व बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के तीसा क्षेत्र में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बर्फबारी के कारण भरमौर व सलूणी में भी लोक निर्माण विभाग को नुकसान उठाना पड़ा है। बर्फबारी-बारिश के बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाओं के बीच इन मार्गों पर यातायात बहाल करना विभाग के लिए चुनौती बनकर रह गया है। बर्फबारी-बारिश से हुए नुकसान की कंपाइल रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर बजट मांगा गया है। बजट की उपलब्धता के साथ ही बर्फबारी-बारिश से मार्गों को हुए नुकसान की स्थायी भरपाई का काम आरंभ हो पाएगा। लोक निर्माण विभाग के एसई बीएस बरवाल ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार बर्फबारी-बारिश ने लोक निर्माण विभाग को खासा नुकसान पहुंचाया है। इससे जिला के कई मार्गों पर डंगे दरकने के अलावा भू-स्खलन का दौर आरंभ हो गया है। बर्फबारी-बारिश से जिला के विभिन्न मंडलों में हुए नुकसान का आंकड़ा साढे़ तीन करोड़ के आसपास बैठा है। बर्फबारी-बारिश से सबसे अधिक नुकसान चंबा मंडल को उठाना पड़ा है। चंबा मंडल में बर्फबारी-बारिश के कारण करीब-करीब सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। चंबा मंडल में बर्फबारी व बारिश से हुए नुकसान की भरपाई को लेकर काम भी आरंभ कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि मंगलवार तक मौसम साफ  रहने की सूरत में जिला के हरेक मंडल के बंद मार्गों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। उधर, पीडब्ल्यूडी के एसई बीएस बरवाल का कहना है कि बर्फबारी व बारिश से जिला के विभिन्न मंडलों में साढे़ तीन करोड़ के नुकसान की रिपोर्ट मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App