विजय प्रियंका के साथ लेंगे सात फेरे

By: Jan 21st, 2017 12:01 am

दौलतपुर चौक – कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को शूटिंग में गोल्ड मेडल दिलाने वाले भारतीय सेना की शान हिमाचल के सपूत और हमीरपुर के बेटे विजय शर्मा 22 जनवरी रविवार को परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी जोह की प्रियंका शर्मा से हो रही है। विदित रहे कि विजय शर्मा सेलिब्रिटी हैं और उनकी शादी मुनिनगर जोह में हो रही है, जो कि पंजाब सीमा के नजदीक गगरेट विधानसभा क्षेत्र और हिमाचल का अंतिम गांव है। प्रियंका ने ‘दिव्य हिमाचल’ से रू-ब-रू होते हुए बताया कि यह उनके परिवार एवं पूरे गांव के लिए गौरव की बात है, क्योंकि उनके होने वाले पति लेफ्टिनेंट विजय शर्मा देश के लिए मेडल जीत चुके हैं और अभी भी देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शादी की सारी तैयारियां की जा चुकी हैं और घर में शुक्रवार को रामायण पाठ का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिसका भोग एवं गांव के लिए धाम का आयोजन शनिवार को होगा। तत्पश्चात शादी समारोह अंब क्षेत्र में रविवार को होगा। प्रियंका की माता प्रवीण शर्मा हाउस वाइफ  हैं। पिता विपिन शर्मा सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर हैं, जबकि बड़े भाई अमन बीटेक के बाद चंडीगढ़ में कार्यरत हैं और छोटे भाई मोहित एमएससी केमिस्ट्री कर रहे हैं। प्रियंका की जमा दो की शिक्षा गांव के ही जोह स्कूल से हुई। तत्पश्चात डीडीएम कालेज गोंदपुर बनेहड़ा अपर से बीसीए करने के बाद एमसीए की और तब से डीडीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूट गोंदपुर बनेहड़ा अपर में ही प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों घरों में शादी की रस्मेंऔर बाकी तैयारियां जोरों-शोरों पर चली हुई हैं।

26 के बाद होने वाली है प्रोमोशन

प्रियंका के माता-पिता बेटी की सेलिब्रिटी से शादी की बात पर फूले नहीं समा रहे हैं और अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। डीडीएम ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूट के चेयरमैन नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रियंका शर्मा बहुत ही सुशील एवं प्रतिभावान छात्रा एवं शिक्षिका रही हैं। उनकी देश के गौरव विजय शर्मा के साथ शादी से पूरा डीडीएम परिवार गौरवान्वित है। विजय शर्मा का 26 जनवरी के बाद प्रोमोशन हो रहा है और वह शादी के तुरंत बाद पदोन्नति पद पर शोभाएमान होंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App