विन डीजल का बैंड-बाजे से स्वागत

By: Jan 13th, 2017 12:06 am

विन डीजल का बैंड-बाजे से स्वागतहालीवुड स्टार विन डीजल अपनी आगामी फिल्म ‘ट्रिपल एक्स : रिटर्न ऑफ जैंडर केज’ को प्रोमोट करने इंडिया आ चुके हैं। साथ में फिल्म में काम कर रही दीपिका पादुकोण भी हैं। गुरुवार सुबह जब यह जोड़ी एयरपोर्ट पर नजर आई तो फैंस उत्साहित नजर आए। सभी फैंस इन पलों के इंतजार में थे। इस मौके पर बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत किया गया। ‘ट्रिपल एक्स : रिटर्न ऑफ जैंडर केज’ साल 2002 में आई ‘ट्रिपल एक्स’ सीरीज की तीसरी फिल्म है। इस सीरीज की दूसरी फिल्म साल 2005 में रिलीज हुई थी। फिल्म के प्रचार के लिए दीपिका अपने जन्मदिन पर मैक्सिको में थी। उसके बाद लंदन में फिल्म के प्रचार करने के बाद वह पूरी टीम के साथ इंडिया आई हैं। यह फिल्म पहले भारत में रिलीज की जा रही है। दूसरे देशों में इसका प्रदर्शन 19 जनवरी से होगा। भारत के सिनेमाघरों में पांच दिन पहले यानी 14 जनवरी से फिल्म का प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। विन डीजल दो दिनों तक मुंबई में रहेंगे। इस दौरान वह मीडिया से भी रू-ब-रू होंगे। दीपिका पादुकोण की भी यही कोशिश होगी कि मेहमानों के स्वागत में कोई कमी न रह जाए। अपने जन्मदिन पर दीपिका फिल्म के स्टार कास्ट के साथ परदेस में ही थीं। ढोल नगाड़ों के बीच अपने प्रशंसकों से घिरीं दीपिका भी हालीवुड स्टार विन के साथ खुश नजर आईं। उन्होंने ऐसे ही वेलकम की उम्मीद भी की होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App