सवा दो करोड़ निगल गई बारिश-बर्फबारी

By: Jan 12th, 2017 12:05 am

नाहन —  उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने बताया कि गत दिनों हुई भारी बर्फबारी व वर्षा के कारण जिला में विभिन्न विभागों द्वारा आकलन करने के उपरांत लगभग 2.23 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। उन्होंने बताया कि जिला में सड़कों के हुए नुकसान का आकलन करने पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 74 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। इसके अलावा लगभग 26 लाख रुपए का नुकसान जिला से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों का आंका गया है। उन्होंने बताया कि जिला में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की अनेक पेयजल योजनाएं इस दौरान क्षतिग्रस्त हुई थीं। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन करने पर जिला में पेयजल योजनाओं का लगभग 54 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। उन्होंने बताया कि जिला के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सामान्य कर दिया गया है तथा क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बर्फबारी तथा वर्षा से विद्युत बोर्ड के ट्रांसफार्मरों विद्युत लाइनों का भी नुकसान हुआ था। उन्होंने बताया कि विद्युत बोर्ड द्वारा जिला में लगभग 69 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा भी लोगों की संपत्ति का लगभग 80 हजार रुपए का नुकसान आंका गया है। उन्होंने बताया कि तहसील नौहराधार के अंतर्गत गांव भुजौंड में बिजली गिरने से तीन गाय, एक गाय का बछड़ा तथा एक मेमने की मृत्यु हो गई। तहसील राजगढ़ के अंतर्गत गांव नियोग में एक कच्चे मकान को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है, जिसके लिए मकान मालिक को भी पांच हजार रुपए की राशि राहत के रूप में प्रदान की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App