सारेगामापा में गूंजेगी ‘हिमाचल की आवाज’

By: Jan 13th, 2017 3:46 pm

‘दिव्य हिमाचल’ के इवेंट में जूनियर वर्ग विजेता पायल ठाकुर टॉप-100 में

newsमंडी —  दिव्य हिमाचल द्वारा खोजी गई प्रदेश की दो और अनमोल प्रतिभाओं को संगीत की दुनिया के सबसे बडे़ कंपीटीशन सारेगामापा लिटल चैंपस का टिकट मिला है। जी टीवी द्वारा आयोजित सारेगामापा लिटल चैंपस की इसी महीने से शुरुआत होने जा रही है। इसमें ‘हिमाचल की आवाज-2016’ की जूनियर वर्ग की प्रदेश विजेता पायल ठाकुर और जूनियर वर्ग में ही बिलासपुर जिला की आवाज बनी पूजा देवी के सुर भी गूंजेंगे। हिमाचल की आवाज की मिठास का जादू मुंबई में अब 17 जनवरी से चलेगा। इन दोनों हिमाचली बेटियों का चयन दो दौर के ऑडिशन के बाद मुंबई में टॉप-100 के लिए हो गया है। जहां पर दोनों 17 जनवरी से टॉप-54 की जंग के लिए अपनी आवाज का जादू चलाएंगी। हिमाचल की आवाज-2016 में जूनियर वर्ग की विजेता रही पायल ठाकुर पुत्री देवेंद्र ठाकुर मंडी के मढ़धार की रहने वाली है। पायल जन्म से ही दोनों आंखों से देख नहीं सकती है। शायद इसलिए ईश्वर ने उनके गले में इतनी मिठास भर दी है कि एक बार सुनने वाला अपने होश खो बैठता है। पायल इस समय कुल्लू चंद्रआभा संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं। पायल के पिता कुल्लू में ऑटो चलाते हैं और अपनी बेटी के लिए परिवार सहित वहीं रहते हैं। पायल के पापा और मामा देशराज अब उन्हें मुंबई लेकर जा रहे हैं। वहीं बिलासपुर की आवाज बनी पूजा की भी यही कहानी है। पूजा पुत्री राज कुमार भी मंडी की बोबर पंचायत के कंधार गांव की रहने वाली है। पूजा के पिता कारपेंटर हैं और इन दिनों एक्सीडेंट होने के बाद बिस्तर पर हैं। पूजा की दो बड़ी बहनें रमा और ज्योति भी अच्छी गायक हैं। वहीं पूजा को आगे बढ़ाने में उसके जीजा संजय हर मदद कर रहे हैं। दोनों बच्चियों से अब परिवार के साथ पूरे प्रदेश को बड़ी उम्मीदें लगी हैं। प्रदेश की आवाज बनी पायल ठाकुर ने कहा कि सारेगामापा जीतने के लिए वह पूरा जोर लगाएंगी। उन्होंने कहा कि यहां तक पहुंचने का हौसला व रुतबा उसे ‘दिव्य हिमाचल’ की वजह से ही मिला है। हिमाचल की आवाज बनने के बाद जगे विश्वास से अब यहां तक पहुंच सकी है। उधर, पूजा का कहना है कि उसे पूरी उम्मीद है कि वह सारेगामापा में जाकर अपने प्रदेश का नाम रोशन करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App