सोना 55 रुपए सस्ता

By: Jan 22nd, 2017 12:06 am

NEWSनई दिल्ली— अमरीका में नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के बाद वैश्विक स्तर पर पीली धातु में आई तेजी के बावजूद स्थानीय ग्राहकी कम रहने से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 55 रुपए लुढ़ककर 29575 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गई है। औद्योगिक मांग आने से चांदी लगातार दूसरे दिन मजबूत हुई है। यह 100 रुपए ऊपर 41700 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर शुक्रवार को एशियाई बाजारों में तथा यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान सोना कमजोर था, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले भाषण के बाद डालर के कमजोर पड़ने से पीली धातु को बल मिला। सोना हाजिर 6.25 डालर चढ़कर 1209.90 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 8.7 डालर की छलांग लगाकर 1210.20 डालर प्रति औंस के भाव पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी शुरुआती गिरावट से उबरते हुए 0.09 डालर की बढ़त में 17.06 डालर प्रति औंस पर रही। वैवाहिक मौसम के बावजूद स्थानीय बाजार में सोने की जेवराती मांग सुस्त बनी हुई है। सोना स्टैंडर्ड 55 रुपए टूटकर 29575 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 29425 रुपए प्रति किलोग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी गत दिवस के 24300 रुपए पर ही टिकी रही। चांदी की औद्योगिक ग्राहकी में दो दिन से मामूली सुधार देखा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App