91 साल में भी हौसले बुलंद

By: Jan 22nd, 2017 12:02 am

12वीं बार चुनाव लड़ने की तैयारी में मेरठ के आजाद

 मेरठ— मेरठ में 91 साल की उम्र में एक शख्स 12वीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस बार यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उनका दसवां नामांकन होगा। कहा जा रहा है कि यह इस समय देश के सबसे उम्रदराज शख्स हैं, जो नामांकन कर रहे हैं। इससे पहले पटना के रहने वाले सुंदर दास ने 91 साल की उम्र में 2014 के लोकसभा चुनाव में नामांकन किया था। डा. हरि सिंह आजाद  विधानसभा चुनाव के काफी पुराने प उम्मीदवारों में से एक हैं। वह 23 जनवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने को तैयार हैं। पेशे से डाक्टर और अखिल भारतीय लोकतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि सिंह आजाद गर्व से दावा करते हैं कि वह मेरठ दक्षिण सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले 11 बार चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार उनके लिए कुछ नया नहीं है। गौरतलब है कि उनके परिवार के सदस्य इस बात से अनजान थे कि आजाद इस बार भी चुनाव लड़ने जा रहे हैं। अगर चुनावों की बात करें तो आजाद इस क्षेत्र के काफी अनुभवी शख्स हैं। इससे पहले वह दो बार लोकसभा, नौ बार विधानसभा और एक बार भारत के राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ चुके हैं। आजाद कहते हैं कि मैं अब तक किसी चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सका हैं, लेकिन मेरा हौसला कम नहीं हुआ है। मैं भी राष्ट्रपति बनना चाहता था, लेकिन उसमें भी जीत नहीं मिली। मैं लोगों की सेवा करना चाहता हूं। यही मेरे लिए मायने रखता है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जगमाल सिंह राणा ने बताया कि उनकी पार्टी का रजिस्ट्रेशन 1982 में हुआ था। उस समय से ही हरि सिंह चुनाव लड़ते आ रहे हैं।

पैदल ही निकल पड़ते हैं प्रचार पर

चुनाव में नामांकन करने के बाद हरि सिंह अपने क्षेत्र में पैदल ही लोगों से मिलते हैं। वह गांव-गांव तक वह पैदल ही चलकर जाते हैं। जगमाल सिंह राणा ने बताया कि करीब 91 साल के हरि आज भी पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनका मकसद जनता के बीच जाकर यह संदेश देना है कि वह ऐसा नेता चुनें, जो जनता की सुने।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App