ड्रग पैडलर की पनाहगाह हिमाचल

By: Feb 24th, 2017 12:01 am

स्थानीय लोगों की मदद सेबनाई करोड़ों की संपत्ति, अवैध कब्जे भी किए

मटौर  – हिमाचल ड्रग पैडलर की पनाहगाह बनता जा रहा है। इन लोगों ने यहां नशे का कारोबार करके न केवल करोड़ों की संपत्ति बना ली है बल्कि कई जगहों पर इन्क्रोचमेंट करके जमीनों पर कब्जे भी कर रखे हैं। इस बात का खुलासा भी हुआ है कि यह सारा खेल स्थानीय लोगों की शह पर खेला जा रहा है।  स्थानीय लोग इन ड्रग पैडलर से मोटी कमाई कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये ही वे लोग हैं जो प्रदेश में नशे की तस्करी को बढ़ावा दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कई वर्षों से अवैध रूप से रह रहे इन लोगों पर आज तक किसी की नजर ही नहीं पड़ी। इन ड्रग पैडलर की गुनाहों की परतें तो तब खुलनें लगीं जब इनमें से कइयों को पुलिस ने नशे की तस्करी के जुर्म में गिरफ्तार किया। जब इनकी संपत्तियों की जांच की गई तो पाया गया कि इन्होंने नशे के कारोबार से कराड़ों की संपत्ति तो बनाई ही साथ ही काफी जगहों पर चुपचाप अतिक्रमण भी करते रहे। प्रारंभिक जांच में ये मामले पंजाब से सटे क्षेत्रों नूरपुर, डमटाल, मीलवां और इंदौरा में सामने आए हैं। इन लोगों ने यहां जो घर बनाए हैं उनकी कीमत 50 से 80 लाख रुपए के बीच बताई जा रही है। यही नहीं इनके बैंक खातों में 20 से 30 लाख की रकम जमा है। एन्क्रोचमेंट को लेकर बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही राजस्व विभाग से इस बारे में पत्राचार करने जा रही है। पुख्ता सूत्रों से जानकारी मिली है कि स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से इन्हे अपनी जमीनों पर मकान बनाने की अनुमति दे रखी है। जानकार बताते हैं कि इन्हें यहां रहते हुए 10 से 15 साल का समय हो गया है। सूत्र बताते हैं कि इन ड्रग पैडलर के स्थायी निवास क्योंकि पंजाब में है इसलिए वे वहां की हर गली और हर मोहल्ले से वाकिफ हैं। नशे को लेकर बदनाम पंजाब की सच्चाई हर कोई जानता है। तस्करों के वहां बड़े नशा माफिया से तार हैं। वे चुपचाप बार्डर पार कर यहां नशीले पदार्थों को लाते हैं और प्रदेश की विभिन्न जगहों पर सप्लाई करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App