बिजली बोर्ड की डकैती में शामिल आठ चोर धरे

By: Feb 24th, 2017 12:03 am

newsशिमला – राजधानी में बिजली के स्टोर की डकैती में शामिल गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। डकैती में शामिल आठ लोगों को चार गाडि़यां सहित मंडी के बल्ह इलाके से धरा गया है। पकड़े गए आरोपियों में राजेंद्र, विक्की, शेर सिंह, विजय कुमार, विकास उर्फ सोनू, चांद कुमार, गूगलू शामिल हैं। इनमें चांद कुमार धर्मपुर सोलन का रहने वाला है बाकी सात लोग मल्थेड़ व ब्यूली के हैं। पुलिस ने शिमला के मल्याणा स्थित राज्य बिजली बोर्ड के स्टोर से 19 फरवरी की रात को हुई डकैती में चोर गैंग के आठ सदस्यों को मंडी के बल्ह से गिरफ्तार कर लिया है। डकैती की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई थीं। पुलिस ने बल्ह के मल्थेड़ व ब्यूली से आठ आरोपियों को चार गाडि़यों से समेत धरा। इनमें तीन गाडि़यां शिमला से चोरी करने में सीधे तौर पर शामिल थीं। बाद में चोरी की तांबे की तार को एक कैंटर में छिपा दिया था, इसको भी कब्जे में लिया गया है। वहीं आरोपियों ने जंगल में भी कुछ तार छिपा  रखी थी, जिसको भी कब्जे में ले लिया गया है।  यह वारदात रविवार रात को करीब एक बजे हुई थी। गिरोह के ये सदस्य स्टोर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी को बांध कर वहां से करीब 37 क्विंटल तांबे के रोल ले गए।

कई चोरियों में रहा है हाथ

एडिशनल एसपी भजन नेगी ने  गिरोह के बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोर गिरोह का बिलासपुर सहित कई अन्य चोरियों में भी हाथ रहा है।  गिरोह बड़े प्रोफेशनल तरीके से चोरी को अंजाम देता है। पुलिस चोरी का सामान न पकड़ पाए, इसके लिए बोलेरो आगे भेजी जाती है। यदि पुलिस आगे हो तो बाकी गाडि़यों में बैठे सदस्यों को इसकी सूचना दी जाती है। इस तरह यह गिरोह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाता।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुलझी डकैती

बीसीएस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 3.24 बजे दो एक बोलेरो व दो पिकअप कैद हुई जो कि इन तांबे  के रोल को भरकर ले जा रही थीं। हालांकि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में इन गाडि़यों के नंबर नहीं दिख पाए थे। वहीं शोघी में लगे सीसीटीवी कैमरों में ये गाडि़यां कैद नहीं हुईं। ऐसे में यह पूरी संभावना थी कि ये गाडि़यां चक्कर की ओर से गई थीं।  इसके बाद पुलिस ने सभी रूटों के सीसीटीवी भी खंगाले। शातिरों के टुटू-नालागढ़ रोड से फरार होने का अंदेशा भी था तो इस रोड पर भी जांच की गई। इसके बाद चमाकड़ी पुल, जुखाला में सीसीटीवी कैमरों में यह गाडि़यां कैद हो गई थीं। घाघस के आगे जड़ोल के पास भी गाडि़यों के गुरजने से सबूत मिले। इसके बाद पुलिस को लीड मिली और बल्ह के मल्थेड़ में चोरी में इस्तेमाल की गई बोलेरो पकड़ी। इसके बाद बाकी दो पिकअप भी पकड़ीं। वहीं,एक कैंटर भी पकड़ा,जिसमें रद्दी के नीचे तांबे की तारें रखी गई थीं। पुलिस को जंगल में छुपाई तारें भी मिलीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App