रेगिस्तान के बीच बसा शहर दुबई

By: Feb 26th, 2017 12:05 am

विश्व मानचित्र पर दुबई की अहमियत एक ऐसे मुल्क के रूप में है, जो एक ओर आधुनिकता का जामा ओढ़े हुए है, तो दूसरी ओर अपनी प्राचीन संस्कृति व ऐतिहासिक धरोहरों को अपने आप में समेटे हुए है। यही वजह है कि यह मुल्क आज पर्यटकों का पसंदीदा स्थल बन गया है। हरा-भरा, आकर्षणों से भरपूर दुबई, जो कुछ सालों तक शून्यता से भर गया था, बेकारी की दर वहां दिनोंदिन बढ़ती जा रही थी। लोग नौकरियां छोड़ कर वापस आ रहे थे। कई लोग अपनी गाड़ी में ही रात गुजारते थे। वही दुबई आज फिर से शेख मोहम्मद साहब के अथक परिश्रम व दूरदर्शिता से बुलंदी पर पहुंच गया है। आज दुबई का हाल यह है कि वह अपने ही बनाए आंकड़ों को चुनौती दे कर आगे बढ़ रहा है। इस में कोई शक नहीं कि विश्वभर के लोगों का आकर्षण पहले भी दुबई था और आज भी है।

दर्शनीय स्थल

दुबई में आने वाले हर सैलानी को बर्फानी स्थल देख कर सुकून मिलता है। इमरेट्स ऑफ  भौरा के अंदर के इस बर्फीले स्थल में पहुंच कर सैलानी को कुछ पल के लिए ऐसा महसूस होता है कि वह या तो कश्मीर के गुलमर्ग क्षेत्र में पहुंच गया है या फिर स्विट्जरलैंड। इस बर्फानी स्थल में जाने के लिए विशेष कपड़े, टोपी इत्यादि पहनने पड़ते हैं। वहां पर अकसर कई लोग छोटे-मोटे कार्यक्रम जैसे जन्मदिन या छोटी-मोटी पार्टी आदि भी करते हैं। यहां स्केटिंग का लुत्फ  भी वहां उठाया जाता है। समुद्र में बने होटल बुर्ज अरब के 27वें फ्लोर पर जा कर सैलानी पूरे दुबई को देखने के साथ-साथ वहां की साज-सज्जा व विभिन्न कार्यक्रम देख कर आनंद महसूस करते हैं।

उम अल्क्वेन

उम अल्क्वेन में हर उम्र के लोगों के लिए खेल हैं। पानी में तरह-तरह के खेलों का आनंद बच्चे, बूढ़े और जवान जी भर कर उठाते हैं। हर पानी के खेल में सिक्योरिटी वाले खड़े रहते हैं। इन खेलों में सलवार कुर्ता या साड़ी पहन कर जाना मना है। कोई भी सैलानी जिस्म से चिपकी टी शर्ट, जींस या हाफ  पैंट पहन कर ही इन खेलों में शामिल हो सकता है।

आभूषणों की मंडी दुबई

यहां आने वाले हर सैलानी को डेरा दुबई और गोल्ड सूक में सोने के आभूषणों की मंडी आकर्षित करती है। कई पर्यटक इसे देखते ही रह जाते हैं। दुबई में आधुनिक से आधुनिक व कई देशों के बने डिजाइनों के आभूषण उपलब्ध हैं। अमरीकी हो या अफगानी, बंगाली हो या राजस्थानी, यहां सभी को अपनी रुचि के अनुसार आभूषण मिल जाते हैं। दुबई के सोने की विशेषता है कि सैलानी को खरा सोना निर्धारित दाम में मिलता है। वहां 22 कैरट का सोना एकदम 100 फीसदी 22 कैरट का होता है, कोई मिलावट नहीं होती जबकि अन्य देशों में सोने के साथ अमूमन तांबा या अन्य धातु मिलाई जाती है।

भव्य मॉलों का शहरः

दुबई में एक से एक बड़े और भव्य मॉल हैं। ‘मॉल ऑफ अमीरात’ सब से बड़ा मॉल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App