सिनेमा में पहली बार – भाग 23

By: Feb 12th, 2017 12:05 am

सबसे ज्यादा गाने किस हिंदी फिल्म में थे

सन् 1932 में बनी फिल्म मदन थियेटर द्वारा निर्मित फिल्म ‘इंद्रसभा’ में 71 गाने थे। यह फिल्म आगा हसन अमानत के उर्दू नाटक इंद्र सभा पर आधारित थी। इस नाटक को पहली बार सन् 1853 में खेला गया था। यह पूरा नाटक काव्य में है।

फर्स्ट लेडी ऑफ  इंडियन सिनेमा कौन थीं?

देविका रानी चौधरी को ‘फर्स्ट लेडी ऑफ  इंडियन सिनेमा’ कहा जाता है। वह गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर की रिश्ते में पौती थीं। इनके पिता सेना के सर्जन जनरल कर्नल एमएन चौधरी थे। फिल्म अभिनेता और निर्माता हिमांशु राय उनपर इतने मुग्ध हुए कि अपनी जर्मन पत्नी को छोड़कर इनसे विवाह किया। हिमांशु राय ने इन्हें फिल्मों में लाने के लिए 1933 में फिल्म ‘कर्मा’ बनाई। बाद में इन दोनों ने मिलकर ‘बॉम्बे टॉकीज’ नाम से मशहूर फिल्म कंपनी बनाई। देविका रानी को सन् 1958 में पद्मश्री प्रदान किया गया और सन् 1970 में पहला दादा साहेब फाल्के पुरस्कार उन्हें दिया गया।

मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर की अनबन का कारण क्या था? अनबन दूर होने के फौरन बाद दोनों ने कौन-सा गीत गाया?

साठ के दशक में दोनों के बीच अनबन मुख्यतः ईगो के कारण थी। बताते हैं कि संगीत की रियलिटी या फीस का विवाद भी था। बहरहाल लंबे अरसे तक दोनों ने साथ-साथ नहीं गाया। 1967 में फिल्म ‘ज्वैल थीफ’ में ‘दिल पुकारे आ रे आ रे’ के साथ दोनों ने फिर से युगल गीत गाने शुरू कर दिए।

फिल्म अभिनेता ओम प्रकाश ने क्या फिल्मों का निर्माण और निर्देशन भी किया?

ओम प्रकाश अपने किस्म के शानदार अभिनेता थे। उन्होंने कुछ फिल्में भी बनाईं जो चली नहीं। उनकी फल्मों के नाम हैं, ‘भैयाजी,गेटवे ऑफ  इंडिया,कन्हैया,चाचा जिंदाबाद, संजोग और जहांआरा’।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App