हिमाचल अब कितना निडर, कितना सभ्य !

By: Feb 21st, 2017 12:05 am

(सुरेश कुमार, योल)

किस एंगल से हिमाचल को अब देवभूमि कहें? क्या इसलिए कि यहां शक्तिपीठ हैं। इससे क्या होगा जब लोगों की मानसिकता ही दानवी हो चुकी है। शक्तिपीठ नयनादेवी में ही बहू ने सास को मारकर घर में ही दफना दिया। विवाद कोई भी हो, वजह कोई भी हो, इससे पहले हिमाचल में किसी महिला ने शायद ही इतनी हिम्मत की हो। ऐसी भी क्या निडरता कि समाज शर्मसार हो जाए। उधर, जवाली में कलियुगी बाप ने बेटी से दुष्कर्म कर रिश्तों को तार-तार कर दिया। एक बाप जो हर तरह से अपनी बेटी की हिफाजत करता है कि उसे जमाने की बुरी नजर न लगे, वही बाप उस पर बुरी नजर डाले तो यह देवभूमि नहीं हो सकती। कल की एक खबर के मुताबिक रोहड़ू में एक बेटे ने अपनी मां को इसलिए मार दिया, क्योंकि मां ने उसकी नशापूर्ति के लिए पैसे नहीं दिए। एक मां जो अपने बेटे को बचपन में सूखी जगह पर सुलाकर खुद पेशाब से गीली हुई जगह पर सोती है और वही बेटा बड़ा होकर अपने नशे को पूरा करने के लिए उसे मार देता है। हिमाचल में इस तरह अगर होता है तो यह किस नजरिए से देवभूमि है। कुल्लू में नशे की और बच्चों की तस्करी, सोलन में देह व्यापार की घटनाएं इस बात को नकारती हैं कि अब हिमाचल देवभूमि है। हमने आधुनिकता के अंधड़ में अपना सब कुछ गंवा दिया। अब एक नए हिमाचल ने जन्म ले लिया है, जो इतन निडर, इतना बिगड़ैल और इतना बेशर्म हो गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App