चंबा हेलिपैड पर हंगामा

By: Mar 25th, 2017 12:03 am

किलाड़ के लिए उड़ान में कम सवारियां बिठाने पर लोगों ने किया विरोध

newsचंबा – जिला मुख्यालय से किलाड़ के लिए शुक्रवार को प्रस्तावित हवाई उड़ान में कम सवारियां बिठाने को लेकर लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों के विरोध के चलते दोपहर बाद हेलिकाप्टर बिना सवारियों के खाली वापस किलाड़ लौट गया। हालांकि मामले की नाजुकता को भांपते हुए एसी टू डीसी चंबा शिवदेव सिंह ने स्वयं हेलिपैड पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत किया, मगर लोग सवारियों की तादाद बढ़ाने की मांग पर अडे़ रहे। शुक्रवार को भुंतर-धरवास- चंबा किलाड़-चंबा का शेड्यूल तय था, मगर हेलिकाप्टर ने भुंतर से धरवास की बजाय किलाड़ के लिए उड़ान भरी। किलाड़ से 13 सवारियों को लेकर हेलिकाप्टर ने चंबा हेलिपैड पर लैंड किया। जहां हेलिकाप्टर के पायलट व स्टाफ ने तापमान में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए केवल सात सवारियों को लेकर उड़ान भरने की बात कही। हेलिकाप्टर स्टाफ  की यह बात सुनते ही हेलिपैड पर मौजूद सवारियों ने हल्ला बोल दिया। लोगों ने मांग रखी कि जितनी सवारियां किलाड़ से चंबा लाई गई हैं, उतनी ही वापस भेजी जाएं। लोगों के विरोध को देखते हुए हेलिपैड पर मौजूद डीसी आफिस स्टाफ ने जानकारी आला अधिकारियों को दी। एसी टू डीसी शिवदेव सिंह ने हेलिपैड पहुंचकर लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक मामला न सुलझने पर हेलिकाप्टर किलाड़ के लिए बिना सवारियों के ही रवाना हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App