सीएम के दामाद की फर्म कर रही शराब की सप्लाई

By: Mar 25th, 2017 12:05 am

सत्ती का आरोप, वीरभद्र की रिश्तेदारी कै. अमरेंदर से क्या हुई आ गया पंजाबी कल्चर

newsहमीरपुर— भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दामाद की कंपनी हिमाचल में शराब की सप्लाई कर रही है। इसके चलते हिमाचल में शराब आबंटन के लिए नई नीति निर्धारित कर कारपोरेशन का गठन किया गया है। हमीरपुर में आयोजित माफिया राज हटाओ रैली को संबोधित करते हुए श्री सत्ती ने आरोप लगाया कि जब से मुख्यमंत्री की रिश्तेदारी पंजाब के सीएम कै. अमरेंदर सिंह से हुई है, तभी से प्रदेश में पंजाबी कल्चर आया है।  इसलिए हिमाचल जैसे सुंदरता से भरपूर और शांति प्रिय प्रदेश में माफिया राज हटाओ जैसी रैलियां करनी पड़ रही हैं। खनन माफियाओं को कोई रोक-टोक नहीं है, लेकिन रोजगार चलाने वाले ट्रैक्टर वालों के चालान काटे जा रहे हैं। दवाई मिले न मिले, लेकिन शराब हर जगह मिल रही है। पहले प्रदेश देवभूमि के रूप से जाना जाता था। सैनिकों का बीज देने वाले के रूप में जाना जाता था। क्या कारण है कि कांग्रेस के साढ़े चार वर्ष के शासन को भाजपा को माफिया राज कहकर बुलाना पड़ रहा है, क्योंकि प्रदेश का आम व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। इसके उपरांत नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हमीरपुर में भाजपा के दुर्ग को भेदने के हसीन सपने देख रहे मुख्यमंत्री पहले अपने घर को संभाल लें। सीएम के हाथ से शिमला फिसलता जा रहा है और दो दिन बाद चौपाल के विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौपाल के विधायक ने निर्णय कर लिया है और भी कई विधायक भाजपा में आने के लिए तैयार है। आज देश में एक नाम चलता है नरेंद्र मोदी और एक निशान चलता है, खिलता हुआ कमल। सबको लगता है कि देश और प्रदेश को यदि आगे बढ़ना है तो हर तरफ भगवा होना आवश्यक हो गया है। मोदी के नेतृत्व में देश और विदेश में भाजपा का बहुत सम्मान बढ़ा है। इससे पहले अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि प्रदेश के किसी भी कोने की दो-तीन सीटों पर चुनाव लड़कर देख लें, उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड और यूपी के चुनाव जीतने के बाद आज कार्यकर्ताओं का जोश देखकर लगता है कि हमीरपुर की जनता ने कमल खिलाने का मन बना लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App