अजगर के पेट में मिला लापता युवक

By: Mar 31st, 2017 12:01 am

आपने किसी डरावनी फिल्म में देखा होगा कि सांप इनसान को पूरे का पूरा निगल जाता है। हॉरर फिल्मों की यह कहानी इंडोनेशिया के एक छोटे से गांव में सजीव हो गई। यहां के एक गांव में 25 साल का एक युवक खो गया। ग्रामीण लापता युवक की तलाश में जुट गए। उनकी तलाश एक अजगर पर खत्म हुई। गुमशुदा युवक सात मीटर लंबे एक अजगर के पेट में मिला। अजगर ने युवक को समूचा निगल लिया था। अकबर सलुबिरो इंडोनेशिया के पश्चिमी सुलावेसी द्वीप पर स्थित एक बेहद दूर-दराज के गांव में रहता था। वह पाम के खेतों में काम करता था। रविवार रात को अकबर काम पर जाने के लिए निकला और गायब हो गया। जब अगले दिन अकबर लौटकर घर नहीं आया, तो उसके रिश्तेदार और दोस्त परेशान हो गए और शाम के समय सब मिलकर उसे खोजने लगे। उनकी तलाश आखिरकार उस समय पूरी हुई, जब उन्हें अकबर एक अजगर के पेट के अंदर मिला। यह सात मीटर लंबा अजगर उन्हें अकबर के घर के पीछे बगीचे में मिला। ग्रामीणों ने शिकार में इस्तेमाल होने वाले 18 इंच लंबे चाकू से अजगर का पेट फाड़ा। वहां उन्हें अकबर का पूरा शरीर मिला। उसने जो कुछ पहना था उसकी लाश पर बिलकुल सुरक्षित थे। अजगर का पेट फूला हुआ था और इस कारण वह इधर-उधर नहीं जा पा रहा था। ग्रामीणों ने जब अजगर की यह हालत देखी, तो उन्हें अंदेशा हुआ कि शायद उसने अकबर को निगल लिया है। ग्रामीणों ने अजगर को घेर लिया और एक शख्स ने 18 इंच लंबे शिकार के चाकू से अजगर का पेट फाड़ा। इस घटना का एक विडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, अकबर की पत्नी मुनु घटना के समय वहां मौजूद नहीं थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App