छह अधिकारी निलंबित

By: Mar 27th, 2017 12:02 am

ऊधमसिंहनगर में अफसर दंडित, नैनीताल में अवैध खनन के मामले में थे शामिल

देहरादून  —  मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ  लड़ाई शुरू कर दी गई है। ऊधमसिंहनगर में छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। नैनीताल में अवैध खनन वाले मामले में डीएफओ एवं संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को नगर निगम में नगर विकास कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर जनता का आभार प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता ने हम पर विश्वास जताया है और हम उनकी उम्मीद पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को  भ्रष्टाचार के खिलाफ  लड़ते हुए कठोर निर्णय लेने पड़ेंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ  लड़ाई धर्मयुद्ध की तरह लड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि आने वाले दो वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्य दिखाई देंगे। सबका साथ सबका विकास के विचार पर कार्य करते हुए योजनाएं तैयार की जाएंगी। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि पलायन को रोकने के लिए एक समिति बनाई जाएगी। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगा राज्य होने के कारण स्थानीय लोगों का सहयोग वांछनीय है। इस अवसर पर विधायक खजानदास, विधायक एवं मेयर विनोद चमोली सहित नगर निगम पार्षद एवं भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App