तीसा में पुलिस के हत्थे चढ़ा उद्घोषित अपराधी

By: Mar 12th, 2017 12:01 am

चंबा – तीसा पुलिस थाना के पीओ सैल की टीम ने अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी देवी सिंह वासी गांव केगा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधी को पुलिस रिमांड हेतु रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार देवी सिंह के खिलाफ तीसा थाना में वर्ष 2010 में पत्नी को प्रताडि़त करने को लेकर भादस की धारा 498 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद देवी सिंह पेशियां भुगतने अदालत नहीं पहंुच रहा था। अदालत ने देवी सिंह की गैरहाजिरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए वर्ष 2014 में उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। पुलिस तभी से देवी सिंह की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देवी सिंह के कल्हेल में होने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश देकर देवी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी को दबोचने में सफलता पाई है। पुलिस देवी सिंह से पूछताछ कर रही है। एसपी डा. वीरेंद्र तोमर ने तीसा पुलिस थाना की पीओ सैल टीम द्वारा उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App