प्रभु कृपा को नालागढ़ पहुंचे विदेशी

By: Mar 27th, 2017 12:03 am

newsनालागढ़ (बीबीएन) —  बिना मंत्रों के कोई भी औषधि पूर्ण रूप से कार्य नहीं करती। साक्षात भगवान शिव ने कहा है कि बिना मंत्रों के औषधि सूखी लकड़ी के समान है, जिसका प्रभाव बहुत कम होता है। ये उद्गार ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी ने गवर्नमेंट कालेज नालागढ़ के मैदान में प्रभु कृपा दुख निवारण समागम में व्यक्त किए। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित समागम के दूसरे दिन प्रभु कृपा ग्रहण करने के लिए देश-विदेश के श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी ने कहा कि दिव्य पाठ से व्यक्ति अपने हर प्रकार के दुखों, कष्टों, बाधाओं से पूर्णतः मुक्त होकर ऐश्वर्य, संपदा, आरोग्यता और परम मोक्ष को प्राप्त करता है। इस दुर्लभ प्रारूप को करने से उसके पाप नष्ट हो जाते हैं। साक्षात भगवान शिव ने शास्त्रों में कहा है कि जो व्यक्ति यह दुर्लभ प्रारूप करता है, उसे अन्य किसी भी प्रकार के कठोर तप और विधान की आवश्यकता नहीं रहती। यह दुर्लभ पाठ एक ऐसे कवच के रूप में कार्य करता है, जिसके बिना व्यक्ति को कहीं नहीं जाना चाहिए। प्रभु कृपा का यह दुर्लभ प्रारूप पूरी तरह शास्त्रोक्त है, इसे किसी व्यक्ति ने नहीं बनाया। ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी ने कहा कि मां गंगा पतित पावनी हैं और इसके समीप जाने, स्नान करने एवं दर्शन करने मात्र से पाप से व्यक्ति मुक्त हो जाता है। शास्त्रों में वर्णित है कि इस दुर्लभ पाठ से व्यक्ति को न केवल हर प्रकार का सुख प्राप्त होता है, अपितु उसके पूर्व जन्मों के कष्ट और पाप भी समाप्त हो जाते हैं। इस पाठ से व्यक्ति को 60 हजार वर्ष तक का गंगा स्नान तथा एक हजार अश्वमेघ यज्ञ का फल प्राप्त होता है। यह पाठ किसी व्यक्ति द्वारा निर्मित नहीं है, अपितु पूर्णतः शास्त्रोक्त है।

कोने-कोने तक पहुंचा रहे संस्कृति

इस अवसर पर भगवान श्री लक्ष्मीनारायण धाम के महासचिव गुरुदास ने कहा कि परम पूज्य सद्गुरुदेव वैदिक शास्त्रों और सनातन संस्कृति के गौरव को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचा रहे हैं। आज विश्व की सरकारें और नागरिक वेदों-शास्त्रों का अनुसरण कर अपने कष्टों और दुखों से मुक्त हो रहे हैं। बुद्धिजीवी और वैज्ञानिक जगत के लोग साक्ष्यों के साथ इस तथ्य को स्वीकार कर रहे हैं कि प्रभु कृपा की सीमाएं अनंत हैं। इस दौरान दून के विधायक चौधरी रामकुमार, नालागढ़ के मौजूदा विधायक व नालागढ़ के पूर्व विधायक लखविंद्र राणा सहित अन्य ने भी समागम में शिरकत कर ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी का आशीर्वाद लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App