बीते सप्ताह सोने में गिरावट

By: Mar 20th, 2017 12:04 am

वैश्विक स्तर पर जबरदस्त तेजी के बाद भी स्थानीय मांग कमजोर

नई दिल्ली – वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी के बावजूद स्थानीय मांग उतरने तथा डालर की तुलना में रुपए में आई मजबूती से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 50 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 29000 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। चांदी में 20 रुपए की मामूली बढ़त रही और सप्ताहांत पर यह 41000 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अमरीकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव में रही पीली धातु में फेड के बयान के बाद तेजी देखी गई। लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह सोना हाजिर 24.40 डालर चमककर 1228.85 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। अप्रैल का अमरीकी सोना वायदा भी इतनी ही बढ़त के साथ सप्ताहांत पर 1228.90 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। फेडरल रिजर्व ने बुधवार को समाप्त बैठक में ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि भविष्य में ब्याज दरों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के फेड के बयान ने सोने को मजबूती दी है। उनका कहना है कि आने वाले समय में भी इसमें तेजी बनी रहेगी। लंदन में चांदी हाजिर भी 0.40 डालर की साप्ताहिक बढ़त के साथ 17.39 डालर प्रति औंस पर बंद हुई। सोमवार को होली के अवकाश के कारण स्थानीय बाजार में पिछले साप्ताह पांच दिन का कारोबार हुआ। पहले दो दिन में 400 रुपए टूटने के बाद फेड के बयान से गुरुवार को सोना स्टैंडर्ड ने 450  रुपए की छलांग लगाई। शुक्रवार को इसमें 150  रुपए की गिरावट और शनिवार को 50  रुपए की मजबूती देखी गई। इस प्रकार सप्ताह के दौरान 50  रुपए फिसलकर सप्ताहांत पर यह 29000  रुपए प्रति दस ग्राम बोली गई। यह लगातार तीसरे सप्ताह टूटा है। सोना बिटुर भी 50 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 28850 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App