भाजपा के हुए बलबीर वर्मा कांग्रेस ने उठाए कई सवाल

By: Mar 27th, 2017 12:01 am

शिमला —  चौपाल के निर्दलीय विधायक बलबीर वर्मा रविवार को पूरे दल-बल के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उनके भाजपा में जाने से चौपाल विधानसभा क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण उभरे हैं। विपक्ष के नेता प्रो. धूमल समेत भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती व अन्य नेता यहां पहुंचे थे, लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा नहीं आ सके। बलबीर वर्मा के भाजपा में जाने के बाद कांग्रेस ने कई सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने उन्हें मौका परस्त करार दिया है। यहां तक कि युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य ने भी उन पर खूब तंज कसे हैं। उन्होंने कहा कि बलबीर वर्मा ने जो आरोप लगाया कि धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाना ठीक नहीं था, वह उनकी सोच को दर्शाता है। यही नहीं विक्रमादित्य ने तो अपने फेसबुक पेज पर भी उनके उन भाषणों के वीडियो दिखाए हैं, जिसमें बलबीर वर्मा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तारीफों के पुल बांधते  सुनाई देते हैं। कुल मिलाकर कई दिनों से चली रही अटकलें आज समाप्त हो गई हैं और पूरे दल बल के साथ बलबीर वर्मा ने भाजपा का दामन थामा है। अब वह सरकार के साथ एसोसिएट विधायक भी नहीं रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App