मां बिजासन धाम

By: Mar 25th, 2017 12:07 am

मां बिजासन धाममध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सलकनपुर नामक गांव में 800 फुट ऊंची पहाड़ी पर एक मंदिर स्थित है। इस मंदिर में मां दुर्गा का अवतार बिजासन देवी विराजमान हैं। यह मंदिर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 70 किमी. की दूरी पर तथा ऐतिहासिक नदी मां नर्मदा के किनारे बसे पावन शहर होशंगाबाद से 35किमी. की दूरी पर स्थित है। यहां पर सड़क के रास्ते से पहुंचा जा सकता है। सलकनपुर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 1000 से अधिक सीढि़यों के रास्ते से गुजरना पड़ता है।  मंदिर तक जाने के लिए कुछ सालों से चार पहिया वाहनों के लिए सड़क मार्ग भी बना दिया गया है, इससे साढ़े 4 किलोमीटर का रास्ता तय कर मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। यहां पर तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए रोप-वे भी प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से भी प्रतिवर्ष हजारों लोग माता के दर्शन के लिए आते हैं और हजारों श्रद्धालु सीढि़यों के सहारे भी माता के दर्शन कर आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचते हैं। इस प्राचीन मंदिर में नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। मंदिर की छटा अनूठी है। माता के दर्शन मात्र से श्रद्धालु भाव-विभोर हो जाते हैं।  नवरात्र में बिजासन माता का दरबार कुछ अलग ही नजर आता है। यहां भक्तों को माता का दरबार तो अलग रूप में दिखता है साथ ही उन्हें विशेष सुविधाएं भी दी जाती हैं। पैदल माता के दरबार तक जाने के लिए पहाड़ी रास्ते को चमचमाते पत्थरों की सीढि़यों में बदल दिया गया है और दो तरफ  के रास्ते बनाए गए हैं। हर तरफ  डेढ़ हजार सीढि़यां बनाई गई हैं। पहाड़ी के रास्ते माता के दरबार के पिछले हिस्से तक पहुंचने वाले रास्ते की सड़क को अच्छा कर दिया गया है। पहले इस रास्ते में कुछ स्थान पर सड़क नहीं थी। वहीं पूरे मार्ग पर सैकड़ों खंभे लगाकर रोशनी की गई है, जिनमें सोलर लाइट का भी कुछ स्थानों पर इस्तेमाल किया गया है। लोगों के ठहरने के लिए धर्मशाला, तो मान्यताओं के लिए हाथ छापने की सुविधा और साथिया बनाने के लिए अलग दीवार पर इंतजाम किया गया है।  मंदिर से जुड़ी एक अन्य  कथा भी महत्त्व रखती है। श्रीमद्भागवत कथा के अनुसार रक्तबीज नामक दैत्य से त्रस्त होकर जब देवता देवी की शरण में पहुंचे, तो देवी ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसी स्थान पर रक्तबीज का संहार कर उस पर विजय पाई। मां भगवति की इस विजय पर देवताओं ने जो आसन दिया, वही बिजासन धाम के नाम से विख्यात हुआ। मां का यह रूप बिजासन देवी कहलाया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App