रघुनाथ मंदिर

By: Mar 25th, 2017 12:07 am

रघुनाथ मंदिरजम्मू के पवित्र स्थान रघुनाथ धाम में एक- दो नहीं बल्कि 33 करोड़ देवी-देवताओं के दर्शनों का सौभाग्य भक्तों को मिलता है। यहां रघुनाथ के मुख्य मंदिर के आसपास कई मंदिर हैं, जिसमें अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा होती है। रघुनाथ मंदिर का निर्माण 1857 में महाराजा रणवीर सिंह और उनके पिता महाराजा गुलाब सिंह द्वारा करवाया गया था। यह मंदिर आकर्षक कलात्मकता का विशिष्ट उदाहरण है। रघुनाथ मंदिर भगवान राम को समर्पित है। यह मंदिर उत्तर भारत के सबसे प्रमुख एवं अनोखे मंदिरों में से एक है। इस मंदिर में 7 ऐतिहासिक धार्मिक स्थल मौजूद हैं। मंदिर के आंतरिक हिस्सों में सोना लगा हुआ है जो तेज का स्वरूप है। इस मंदिर में हिंदू धर्म के 33 करोड़ देवी और देवताओं के लिंगम भी बने हैं, जो मंदिरों में एक इतिहास है। श्रद्धालुओं को यहां आकर काफी आश्चर्य होता है। इन मंदिरों की दीवारें 300 मनोहारी छवियों से सुसज्जित हैं। इनमें से प्रत्येक मंदिर का शिखर खूबसूरत होने के साथ ही बहुत ऊंचा भी है। सभी मंदिरों के मेहराबों और स्थापत्य में मुगल शैली का प्रभाव परिलक्षित होता है और यहां बने हुए सुंदर भित्ति चित्र रामायण, महाभारत और गीता की कथाओं को दर्शाते हैं। यहां मां शक्ति को समर्पित एक देवालय भी है और मंदिर में एक बहुत बड़ा शिवलिंग स्थापित है। समूह के सभी मंदिरों में सुबह और शाम दोनों समय आरती की जाती है। पूरे साल यहां मंदिर में समय-समय पर प्रवचन और पाठ आयोजित होते रहते हैं।  रामनवमी को यहां आनंदोत्सव मनाया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App