वीरभद्र-धूमल में छिड़ी सियासत की जुबानी जंग

By: Mar 27th, 2017 12:04 am

भाजपा बेशक सत्ता में आए पर धूमल का चैप्टर क्लोज

newsहमीरपुर —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि मेरी और धूमल की जन्म कुंडली मेल नहीं खाती। इस कारण वह मेरे पीछे पड़े रहते हैं। मुख्यमंत्री ने इसे चुटकी लेते हुए ग्रहों का दोष बताया। भोरंज में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा बेशक सत्ता में लौट आए, लेकिन धूमल का चैप्टर क्लोज है। बकौल वीरभद्र भाजपा की संभावना बन सकती है, लेकिन धूमल की नहीं। उन्हें वीरभद्र से नहीं, पार्टी के अपने लोगों से ज्यादा खतरा है। सीएम ने कहा कि बेरोजगारी भत्ता शुरू करने के लिए एक-डेढ़ माह का और समय लग सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस दिन से भत्ते का आवेदन मंजूर होगा, उसी दिन से इसे लागू किया जाएगा। भोरंज के उपचुनाव का कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। इस चुनाव को अगर कांग्रेस जीत लेती है तो हमारा एक विधायक बढ़ जाएगा। इसके विपरीत भाजपा जीती तो उनकी स्थिति पहले वाली बनी रहेगी। यह चुनाव खुशी की बजाय गम के माहौल में हो रहा है। पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान बेमिसाल छवि के इनसान और योग्य अध्यापक थे। मेरे सक्रिय राजनीति में आने पर वह रामपुर के स्कूल में हैडमास्टर थे। उनके दौरान शत प्रतिशत स्कूल रिजल्ट रहता था। उनकी मौत के कारण अचानक यह चुनाव आ टपका है। कांग्रेस सरकार न इस चुनाव के पक्ष में थी और न विरोध में। हमारे लिए आयोग का फैसला सर आंखों पर है।

बैचवाइज ही होंगी भर्तियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में सरकार बैचवाइज भर्तियां करेगी। इसके लिए सिर्फ चयन सेवा आयोग हमीरपुर को ही जिम्मेदारी दी जाएगी। यह व्यवस्था आगामी भर्तियों के लिए लागू होगी।

अनुराग पहले अपना घर बचाएं

सीएम ने कहा कि मुझे दो-तीन सीटों पर चुनाव लड़ने की नसीहत देने वाले अनुराग ठाकुर पहले अपना घर बचा लें, उसके बाद धमकियां दें। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माता वाईएस परमार से लेकर शांता कुमार सभी नेताओं के साथ मेरा बेहतर तालमेल रहा है। सिर्फ धूमल के साथ ही मेरी कुंडली नहीं मिलती है। उन्होंने कहा कि धूमल साहब कम से कम मुझे जेल भेजने के लिए घटिया हथकंडे अपनाना तो बंद कर दो। उन्होंने कांग्रेस से बागी हुए रमेश डोगरा पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसे लोगों को न भाजपा पनाह देगी और न कांग्रेस।

सोशल मीडिया पर रैलियां

शिमला— सोशल मीडिया पर भोरंज उपचुनाव लाइव आ गया है। खुद मुख्यमंत्री अपने फेसबुक पेज पर इन रैलियों के दौरान लाइव दिखाए जाते हैं। रविवार से वीरभद्र सिंह के इलेक्शन कैंपेन को लाइव किया गया है, जिसे लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सोशल मीडिया में इसकी खूब चर्चा है और वीरभद्र सिंह वहां जो बोलते हैं, उसे लोग आराम से मोबाइल पर सुनते हैं। रविवार से शुरू किए गए इस विशेष कैंपेन के दौरान 10 हजार लोगों ने इसे फेसबुक पेज पर देखा है और एक हजार लोगों ने लाइक किया। इसमें 471 लोगों ने कमेंट्स भी डाले हैं।

सत्ती ने कोरा झूठ बोल उछाला दामाद का नाम

भरेड़ी —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनका कोई रिश्तेदार शराब के कारोबार में शामिल नहीं है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कोरा झूठ बोलकर उनके दामाद का नाम उछाला है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सतपाल सत्ती अगर अपने इस बयान पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं तो में उनके खिलाफ मानहानि का केस करूंगा। हिमाचल प्रदेश में नई एक्साइज पालिसी प्रदेश हित में बनाई गई है। इसे लागू करने में शुरू में दिक्कतें आई थीं। बावजूद इसके नई प्रक्रिया के तहत हिमाचल सरकार ने 400 करोड़ का अतिरिक्त शुद्ध लाभ कमाया है। शराब निर्माता कंपनियां सीधी सरकार को शराब की सप्लाई कर रही है। इसमें कोई भी किसी तरह का बिचौलिया नहीं है। इस नई पालिसी से वाइन कांट्रैक्टर को तकलीफ हो रही है। उनका कहना है कि सरकार पारदर्शिता के साथ शराब बिक्री कर रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को हमीरपुर में भाजपा की आयोजित माफिया राज हटाओ रैली में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने शराब आबंटन प्रक्रिया में पंजाबी कल्चर का प्रभाव बताया था। भोरंज उपचुनाव के लिए रविवार को पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस बयान को मनगढ़ंत बताया।

जिन्हें लोगों ने हराया, सरकार ने उन्हें कुर्सी पर बिठाया

newsनेरवा, चौपाल —  प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश को माफिया चला रहा है, जिन लोगों को जनता ने रिजेक्ट कर घर में बिठा दिया है, उन्हें मुख्यमंत्री ने विभिन्न बोर्डों का चेयरमैन बना कर प्रदेश की जनता पर अनावश्यक बोझ डाल दिया है। यह बात नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा व उनके द्वारा गठित चौपाल विकास मंच के भाजपा में विलय के अवसर पर आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने चौपाल विकास मंच के भाजपा में  विलय को गंगा-यमुना के मिलन की संज्ञा देते हुए कहा कि इससे चौपाल में भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई और नेता भी भविष्य में पार्टी का दामन थाम सकते हैं। इस अवसर पर चौपाल विकास मंच के अध्यक्ष लाल सिंह पोटन ने विकास मंच का विधिवत रूप से भाजपा में विलय करवाया। उन्होंने कहा कि शराब माफिया व ड्रग माफिया की सक्रियता के चलते देवभूमि का नाम बदनाम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर वह रूसा प्रणाली को समाप्त कर छात्रों को राहत देंगे व कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ दिया जाएगा। इस अवसर पर नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज, कसौली के विधायक राजीव सहजल, पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त व रूपा शर्मा, चंद्रमोहन ठाकुर, चौपाल से पूर्व प्रत्याशी सीमा मेहता, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी शशि दत्त शर्मा व अमित चौहान व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सरकार ने बढ़ाया नशे का चलन

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि वर्तमान  सरकार प्रभावशाली  लोगों की  सरकार है। यह सरकार नशे की प्रवृति को बढ़ावा दे रही है। आज आलम यह है कि चाय की दुकान में भी लोगों को शराब मिल जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App