समसामयिकी

By: Mar 8th, 2017 12:07 am

आईएनएस विराट की विदाई

newsदुनिया में सबसे ज्यादा समय तक सेवा देने वाला विमान वाहक पोत आईएनएस विराट आखिरकार रिटायर हो गया। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की मौजूदगी में मुंबई में आयोजित एक समारोह में आईएनएस विराट को भव्य विदाई दी गई। लगभग 57 सालों तक सेवाएं देने वाले इस पोत ने तीन दशकों तक भारतीय नौसेना को अपनी सेवाएं दीं और देश को सुरक्षित रखने में अहम योगदान दिया। लगभग 24 हजार टन वजन वाला आईएनएस विराट उन्नत किस्म का विमान वाहक पोत है, जिसका निर्माण 1943 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान किया गया था। इसकी लंबाई 743 फुट और चौड़ाई 160 फुट है। भारतीय नौसेना में 30 सालों तक सेवाएं देने से पहले, आईएनएस विराट 27 सालों तक ब्रिटेन की रॉयल नेवी के पास था। एचएमएस हर्मीस के नाम से पहचाने जाने वाला पोत 1959 से रॉयल नेवी की सेवा में था। 1980 के दशक में भारतीय नौसेना ने इसे साढ़े छह करोड़ डालर में खरीदा था और 12 मई, 1987 को सेवा में शामिल किया। नौसेना में शामिल होने से पहले विराट ने 1982 के ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच फॉकलैंड युद्ध में भाग लिया था। विराट ने कई बड़े मिशन में भाग लिया। इनमें जूपिटर मिशन और पराक्रम मिशन महत्त्वपूर्ण हैं। आईएनएस विराट ने कई बार तनावपूर्ण स्थितियों में देश को सुरक्षा प्रदान करने का काम किया। आईएनएस विराट को सेवा से हटाए जाने के बाद नौसेना के पास दो विमान वाहक पोत कम हो जाएंगे, क्योंकि आईएनएस विक्रांत को पहले ही सेवा से हटाया जा चुका है। हालांकि अभी आईएनएस विराट के भविष्य को लेकर कोई फैसला आधिकारिक तौर पर नहीं लिया गया है, पर संभावना है कि उसे म्यूजियम या होटल में तबदील कर दिया जाए। इसका ध्येय वाक्य ‘जलमेव यस्य, बलमेव तस्य’ था, जिसका मतलब होता है, जिसका समंदर पर कब्जा है वही सबसे बलवान है। आईएनएस विराट का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल है। ये दुनिया का इकलौता ऐसा जहाज है, जो इतने लंबे समय तक सीमा की सुरक्षा में डटा रहा। इसे ग्रेट ओल्ड लेडी के नाम से भी जाना जाता है। 24 हजार टन वजनी विराट 743 फुट लंबा और 160 फुट चौड़ा है। इस पोत में करीब 1500 नौसैनिक रहते थे और एक बार जब यह समंदर में निकलता था, तो साथ में तीन महीने का राशन लेकर निकलता था। विराट के डेक से कई लड़ाकू विमानों ने 22,622 उड़ान भरी है। इसने करीब-करीब 10,94,215 किलोमीटर का सफर समुद्र में तय किया है यानी इतना वक्त जिससे तकरीबन 27 दफे आप दुनिया का चक्कर लगा सकते हैं। विराट को 1987 में 465 मिलियन अमरीकी डालर में खरीदा गया था। इसे खरीदते वक्त सिर्फ पांच साल तक इसे इस्तेमाल करने की योजना थी, लेकिन इससे कहीं अधिक 30 साल तक इसने सेवा दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App