हड़ताल खत्म, काम पर लौटेंगे महाराष्ट्र के 4000 डाक्टर

By: Mar 25th, 2017 12:02 am

मुंबई— बंबई हाइकोर्ट के आदेश के बाद इंडियन मेडिकल असोसिएशन ने पिछले चार दिनों से जारी हड़ताल को वापस लेने की घोषणा कर दी है। राज्य के हड़ताली डाक्टरों पर सरकार द्वारा कड़ा रुख अख्तियार करने के बाद बंबई हाइकोर्ट ने भी डाक्टरों को आदेश दिया कि वे काम पर लौट जाएं, नहीं तो सरकार उन पर कार्रवाई करेगी। डाक्टरों पर बढ़ रहे हमले का कड़ा विरोध कर रहे राज्य के तकरीबन चार हजार डाक्टर हड़ताल पर थे। दूसरी ओर आईएमए ने कहा है कि सरकार ने उनकी सभी मांगे मान ली हैं और वे अपनी हड़ताल खत्म कर रहे हैं। गौरतलब है कि डाक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल के कारण अस्पतालों में सर्जरी नहीं हो पा रही थी। ओपीडी से मरीजों को वापस भेज दिया जा रहा था। बता दें कि डाक्टरों पर बढ़ रहे हमलों के कारण चार हजार रेजिडेंट डाक्टर हड़ताल पर चले गए थे। बंबई  हाइकोर्ट ने महाराष्ट्र के सरकारी अस्पतालों के आंदोलनकारी रेजिडेंट डाक्टरों की खिंचाई करते हुए मंगलवार को कहा था कि उनका व्यवहार शर्मनाक है। मुख्य न्यायाधीश मंजुला चेल्लूर और न्यायमूर्ति जीएस कुलकर्णी ने यह टिप्पणी सोशल ऐक्टिविस्ट अफाक मांडवीय की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान की थी। याचिका में आंदोलनकारी डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की की मांग की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App