हरकत में यूपी प्रशासन

By: Mar 25th, 2017 12:01 am

( मानसी जोशी(ई-मेल के मार्फत)  )

सत्ता में बदलाव के बाद हरकत में आए पुलिस प्रशासन ने उत्तर प्रदेश में 100 बूचड़खानों को बंद करा दिया। ये बूचड़खाने अब तक अवैध रूप से ही चलाए जा रहे थे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमान संभालते ही इन अवैध बूचड़खानों पर शिकंजा कसने का सही कदम उठाया है। उनकी इस भूमिका का स्वागत है। लोगों को मन ही मन में यह बात जरूर भाने लगी होगी। कोई भी चीज अवैध रूप से चलाना और उसे चलाने के लिए मदद करना गलत है। यह बात पुलिस प्रशासन को अच्छी तरह से समझ आ गई होगी। अवैध चीजों पर रोक लगाना मुमकिन है और यह सब कितने कम समय में किया जा सकता है, यह उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। समय पर कड़ी कार्रवाई न होने के कारण प्रदेश में बूचड़खानों के अलावा और भी कई आपत्तिजनक बातों ने अपने पंख फैलाए हैं। उन पर ठोस कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश को साफ-सुथरा बनाने के प्रयास जारी रखने होंगे। इतना ही नहीं, इस प्रक्रिया में जो रोड़े अटकाने का काम करेंगे, उन्हें भी खदेड़ना चाहिए। यही प्रयास प्रदेश के लिए अच्छे दिन ला सकते हैं। पुलिस अपना काम जिम्मेदारी से करे, तो जनता भी सहयोग को तैयार है। यह सहयोग हासिल करने के लिए यूपी सरकार को इसी तरह से काम करते हुए जनता का विश्वास जीतना होगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App