250 प्रवासियों की मौत की आशंका

By: Mar 25th, 2017 12:02 am

रोम— लीबिया के पास भूमध्य सागर में एक बचाव नौका को रबर की दो डूबी हुई नाव मिली हैं, जिसके बाद करीब 250 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। स्पेनिश संस्था प्रोएक्टिवा ओपन आर्म्स की प्रवक्ता लारा लानुजा ने बताया कि उसकी नाव गोल्फो अजूरो को लीबियाई तट से करीब 15 किलोमीटर दूर रबर की नौकाओं के पास पांच शव तैरते दिखे। उन्होंने बताया, हमें नहीं लगता कि इसके अलावा कोई दूसरा स्पष्टीकरण हो सकता है कि ये नौकाएं लोगों से भरी होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी हर नौका में करीब 120-140 लोग सफर कर रहे होते हैं। लानुजा ने कहा कि जो शव मिले हैं वह अफ्रीकी लोगों के हैं, जिनकी उम्र 16 से 20 साल के बीच है। राहत और बचाव कार्य में शामिल इटली के तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने पांच शवों के बरामद होने की पुष्टि की है। शवों को प्रोएक्टिव ग्रुप के जहाज गोल्फो अज्जुरो पर रखा गया है और यह जहाज किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यहीं तैनात रहेगा। प्रवासियों से भरी नौका डूबने की घटनाएं आम हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App