अपने को अलग दिखाएं

By: Apr 26th, 2017 12:07 am

CEREERरविंद्र सिंह सीनियर कोरियोग्राफर, टेरेंस लुईस कंटेंपरेरी डांस कंपनी, मुंबई

कोरियोग्राफी में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने रविंद्र सिंह से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश…

कोरियोग्राफी में करियर का क्या स्कोप है?

कोरियोग्राफर बनने में काफी समय लगता है, पर एक बार स्थापित होने के बाद यह आपको सुरक्षित करियर देता है। कोरियोग्राफर बनने के बाद अवसरों की भरमार होती है। आप फिल्मों या शूट्स में काम पा सकते हैं। आप फैशन शूज के लिए कोरियोग्राफी कर सकते हैं और लाइव कंसर्ट या टेलीविजन इवेंट में भी अवसर काफी हैं। पर्सनल और कस्ट्यूमाइज्ड इवेंट्ज में भी कोरियोग्राफर का काम मिलता है।

इस फील्ड में करियर बनाने के लिए शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?

कोरियोग्राफर बनने के लिए कोई विशेष शैक्षणिक योग्यता की जरूरत नहीं है, पर उसे एक अच्छा लीडर होना चाहिए, वह विनम्र हो ओर दूसरों को समझाने की कला जानता हो। अच्छा डांस स्किल का जानकार होना भी जरूरी है, ताकि वह अपने डांसर को वह स्किल करके दिखा सके। वह एक सधा हुआ और कल्पनाशील व्यक्ति होना चाहिए ताकि  बिना स्टेज और वास्तविक स्थिति के कोरियोग्राफी की कल्पना कर सके। अगर किसी शूट में काम करना है तो कैमरा और लाइटिंग का भी पूरा ज्ञान होना चाहिए।

जो युवा कोरियोग्राफर बनना चाहता है, उसमें क्या खास गुण होने चाहिए?

कोरियोग्राफर बनने के लिए सबसे पहले उसे अच्छा डांसर बनना होगा। डांस के बारे में जानने के बाद ही वह अच्छा कोरियोग्राफर बन सकता। वह मिलनसार होना चाहिए,अच्छी कम्युनिकेशन स्किल और सोशल स्किल्ज भी बेहतर होनी चाहिए।

इसका प्रशिक्षण कहां ले सकते हैं?

कोरियोग्राफर बनने के लिए जरूरी है कि कोरियोग्राफी में किसी को असिस्ट करें और इस की बारीकियों को जानें। फिल्म इंडस्ट्री के लिए असिस्टेंट कोरियोग्राफर बनें ओर पूरा गाना कैसे कोरियोग्राफर करना है, सीखें। लाइट और कैमरा का ज्ञान भी अर्जित करते रहें।

रोजगार के अवसर किन क्षेत्रों में उपलब्ध होते हैं?

कोरियोग्राफी में काम के बहुत आप्शन है। जैसे टीवी रियलिटी शो में जज की भूमिका, डांस कंपीटीशन में जज की भूमिका, संगीत और पर्सनल इवेंट के लिए कोरियोग्राफी। इसके अलावा न्यू कमर्ज के लिए मेंटर बना जा सकता है।

आमदनी इस फील्ड में किस हिसाब से होती है?

यह प्रोजेक्ट लेवल पर निर्भर करती है कि आपके पास कितना बड़ा प्रोजेक्ट है। अगर आप किसी  संगीत प्रोग्राम में कोरियोग्राफी कर रहे हैं तो  प्रति मिनट के हिसाब से पैसे लेते हैं। फिल्म या शूट के लिए प्रतिदिन के हिसाब से।  अगर आप किसी गाने की कोरियोग्राफी कर रहे हैं तो मार्केट के हिसाब से आपको पैसे मिलते हैं।

इस क्षेत्र में युवाओं को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है?

फिल्म इंडस्ट्री में जो कोरियोग्राफर कई सालों से स्थापित हैं, उनमें से सही कोरियोग्राफर का तलाश करना मुश्किल है जो आपको मौका दे और आपको सिखाए भी। यही सब में बड़ी चुनौती है।

जो युवा इस फील्ड में आना चाहते हैं उनके लिए कोई प्रेरणा संदेश दें ?

आपको धैर्य रखना होगा। यह क्षेत्र चुनौतियों भरा है। इसमें लास्ट मिनट में चेंज भी होता है , जिसमें काफी रिस्क है। आपको रिस्क लेना है, डरें नहीं। अपने को सबसे अलग दिखाएं। ऐसा करके देखें आपको खुशी मिलेगी।

-पंकज सूद, मटौर


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App