कुठेहड़ को गौरव ग्राम सभा पुरस्कार

By: Apr 26th, 2017 12:03 am

NEWSधर्मशाला — नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार पाकर कांगड़ा की कुठेहड़ पंचायत ने प्रदेश का नाम ऊंचा किया है। देश भर से राष्ट्रीय इस सम्मान के लिए चयनित कुल 20 पंचायतों में प्रदेश के कांगड़ा जिला के नगरोटा सूरियां की कुठेहड़ पंचायत का ही चयन हो पाया था। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुपस्थिति में लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कुठेहड़ पंचायत को सम्मानित किया।  उनके साथ इस मौके पर भारत सरकार के पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर,  राज्य पंचायती राज मंत्री रूपाली, कर्नाटक के पंचायती राज मंत्री, यूपी के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव मौर्य की उपस्थिति में हिमाचल की कुठेहड़ पंचायत को यह सम्मान मिला। देश भर के 36 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की दो लाख 38 हजार 617 पंचायतों में से चुनी गई टॉप-20 पंचायतों में जिला कांगड़ा की नगरोटा सूरियां ब्लॉक की कुठेहड़ पंचायत ने अपने कार्यों के बूते देश भर में हिमाचल की शान बढ़ाई है। ग्राम पंचायतों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार द्वारा गौरव ग्राम सभा पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत देश भर में अपनी पंचायत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों का चयन कर पुरस्कृत किया गया है। इसी कड़ी में पिछले वर्ष अक्तूबर, 2016 में हिमाचल प्रदेश पंचायती राज विभाग की प्रदेश स्तरीय टीम ने विभिन्न पंचायतों को परखा। इसमें ग्राम पंचायत कुठेहड़ का दौरा भी किया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर गठित टीम ने दिसंबर, 2016 में पंचायत का दौरा कर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।  पंचायती राज मंत्रालय की इस टीम ने केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी।

पीएम मोदी करने वाले थे सम्मानित

राष्ट्रीय स्तर पर 24 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित हुए राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में यह पुरस्कार कुठेहड़ पंचायत को सौंपने वाले थे, लेकिन उनकी व्यस्तता के चलते यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने यह सम्मान दिया। कुठेहड़ को पहले वर्ष 2012 में भी राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

लोगों के सहयोग से मिलेगा सम्मान

पंचायत प्रधान वीना शर्मा व उपप्रधान सुशील शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय पंचायत के लोगों को दिया है। उनका कहना है कि यह सब क्षेत्र के लोगों के सामूहिक प्रयासों एवं नीतियों से हो पाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App