गर्लफ्रेंड के इलाज को चुराईं 51 बाइक्स

By: Apr 24th, 2017 12:04 am

गर्लफ्रेंड के इलाज के लिए पैसे जुटाने के चक्कर में एक शख्स चोर बन गया। मामला बंगलूर का है, जहां टेलर का काम करने वाला एक व्यक्ति अपनी महिला मित्र के इलाज का खर्च पूरी करने के लिए बाइक चोरी करने लगा। नायडू का रहने वाला मनोहर उर्फ मनु एक कपड़े की कंपनी में टेलर का काम करता था। वहां उसे साथ में काम करने वाली एक सहयोगी से प्यार हो गया। दोनों एक साथ रहने के सपने संजो रहे थे। इसी बीच कुछ ऐसा हुआ कि मनोहर बाइक की चोरी करने लगा। अब 23 वर्षीय मनोहर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उस पर 51 बाइक्स चोरी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद मनोहर ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी बीमार गर्लफ्रेंड के इलाज के लिए पैसे की सख्त जरूरत थी। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन तभी उसकी मित्र बीमार पड़ गई। जनवरी में वह वापस आंध्र प्रदेश चली गई। मनोहर ने बताया कि वह आंध्र प्रदेश से अपनी मित्र को बंगलूर लाना चाहता था। मनोहर की गर्लफ्रेंड ने उससे कहा था कि वह बंगलूर में एक घर किराए पर ले और उसकी इलाज की व्यवस्था करे। मनोहर की मित्र जांडिस और हॉर्मोन से संबंधित बीमारी से जूझ रही थी। एक डाक्टर ने मनोहर को उसके मित्र के इलाज का खर्च पांच लाख रुपए बताया था। पुलिस ने बताया कि मनोहर न केवल एक घर किराए पर लेना चाहता था, बल्कि घरेलू सामान भी खरीदना चाहता था। इसके लिए उसने बाइक की चोरी शुरू कर दी। उसकी गर्लफ्रेंड को उसके काम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने उसके पास से 25 लाख रुपए कीमत की 51 बाइक जब्त की हैं। शहर में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ने की रिपोर्ट के बाद जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह किसी नए शख्स का काम है। बाद में पुलिस ने मनोहर को पकड़ने के लिए जाल फैलाया। पुलिस ने छोटे-छोटे पोस्टर छपवाए और उसमें एक कंपनी के लिए प्रयोग की हुई बाइक की जरूरत बताई। मनोहर पुलिस के जाल में फंस गया। एक पुलिस कर्मचारी ने बतौर खरीददार मनोहर से बात की और पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App