डिपुओं से राशन गायब होने पर बिफरी पार्टी

By: Apr 21st, 2017 12:05 am

शिमला – भाजपा शिमला जिलाध्यक्ष संजय सूद, उपाध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर, योगेश्वर शर्मा, शेलेंद्र चौहान, गुरमीत सिंह, महामंत्री विजय परमार, प्रमोद ठाकुर, कोषाध्यक्ष प्यार सिंह कंवर, जिला मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, सुदीप महाजन, राजीव पंडित व रमेश शर्मा ने जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार डिपुओं में राशन चीनी, दालों और तेल उपलब्ध नहीं करवा रही है, जिसकी वजह से आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में बहुत से ऐसे परिवार हैं, जो डिपो के राशन से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में सरकार द्वारा डिपुओं में राशन उपलब्ध न करवाने से उन परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश की जनता को कभी भी डिपुओं में पूरा राशन नहीं मिला। कभी दाल नहीं मिलती, तो कभी तेल, कभी आटा नहीं मिलता, तो कभी चावल नहीं मिलते। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा ने पहले भी कई बार सरकार के समक्ष यह मामला उठाया, परंतु कांग्रेस सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।  उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के मुखिया अपनी अंदरूनी कलह में उलझे हुए हैं और केवल भ्रष्टाचार के आरोपों से स्वयं को बचाने में ही व्यस्त हैं। भाजपा का कहना है कि प्रदेश सरकार आम जनता की अनदेखी कर रही है और राशन के डिपुओं में राशन की खेप नहीं भेज रही है। ऐसे में सरकार के प्रति प्रदेश की जनता में खासा गुस्सा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App