नालागढ़ में पांच कच्‍चे घर जले

By: Apr 15th, 2017 12:40 am

बोथुआ में अचानक उठी लपटों से दस लाख का नुकसान

newsबीबीएन, नालागढ़ – उपमंडल नालागढ़ के तहत चंगर क्षेत्र के बोथुआ गांव में अचानक लगी आग से पांच मकान जलकर राख हो गए। आग लगने से करीब दो दर्जन लोग बेघर हो गए हैं। आगजनी में गहने, नकदी सहित अन्य घरेलू सामान जल गया और करीब दस लाख रुपए के शुरुआती नुकसान का आकलन किया गया, जबकि करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बोथुआ गांव में पांच मकानों में आग लग गई, जिससे वहां रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक मकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग साथ लगने मकानों में भी फैल गई। सूचना मिलने की तुरंत अगनिशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक निर्मला देवी के मुताबिक यहां पांच परिवारों के करीब दो दर्जन सदस्य रहते हैं। आग लगने से घर में रखा फ्रिज, टीवी, नकदी सहित तमाम घरेलू सामान और गहने जल गए। निर्मला देवी ने बताया कि आग से इनका सारा सामान जल गया, अब इनके पास रहने, खाने और पहनने के लिए कुछ नहीं बचा है। प्रशासन ने संबंधित पटवारी को नुकसान का आकलन करने के लिए भेज दिया है। फायर अधिकारी हितेंद्र कंवर ने बताया कि आग लगने से करीब दस लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई और करीब 20 लाख की संपत्ति को बचाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नायब तहसीलदार रामशहर दौलत राम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपए फौरी राहत दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App