भाजपा ने हारी उपाध्यक्ष की कुर्सी

By: Apr 12th, 2017 12:02 am

मंडी में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान 13 में से नौ पार्षदों ने नहीं दिया साथ

मंडी— नगर परिषद मंडी में उपाध्यक्ष के पद से भाजपा की कुर्सी छिन्न गई है। नप मंडी में भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर अविश्वास प्रस्ताव हार गए हैं। मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव में हुए मतदान के दौरान विशाल ठाकुर के पक्ष में चार  पार्षदों के वोट पडे़, जबकि उनके विरुद्ध  नौ  पार्षदों ने मतदान किया। लगभग एक महीने पहले नगर परिषद मंडी के उपाध्यक्ष के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर अब हाउस में मुहर लग गई है। पीठासीन अधिकारी एवं एसडीएम सदर मदन कुमार की अध्यक्षता में मतदान करवाया गया। इसमें कुल 13 पार्षदों ने भाग लिया। वहीं, अविश्वास प्रस्ताव के सफल होने के बाद नप मंडी में उपाध्यक्ष की कुर्सी खाली हो गई है, जिसके बाद उपाध्यक्ष के लिए शीघ्र चुनाव करवाया जाएगा। वर्तमान हालात में अब कांग्रेस समर्थित उपाध्यक्ष का बनना तय है। बता दें कि लगभग एक वर्ष पहले हुए नप के चुनावों में नौ कांग्रेस समर्थित पार्षद और चार भाजपा समर्थित पार्षद जीत कर आए थे। उस समय अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के अंदर दो गुट बन गए थे, जिसके बाद भाजपा समर्थित पार्षदों के समर्थन से नीलम शर्मा अध्यक्ष बनी थी और चार  पार्षद होने के बाद भी विशाल ठाकुर कांग्रेस के एक गुट के समर्थन से उपाध्यक्ष बन गए थे। हालांकि अब लंबे समय से विशाल ठाकुर कांग्रेस की आंखों में खटक रहे थे, जिसके बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने एकता दिखाते हुए अब विशाल ठाकुर को उपाध्यक्ष की कुर्सी से हटा दिया है। उधर, उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस खेमे के पार्षदों में से सदर से विधायक एवं  मंत्री अनिल शर्मा के खासमखास माने जाने वाले दो पार्षद पुष्पराज कात्यायन और विरेंद्र भट्ट दावेदार माने जा रहे हैं। एसडीएम सदर मंडी मदन कुमार ने अविश्वास प्रस्ताव के सफल होने की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App