साप्ताहिक घटनाक्रम

By: Apr 19th, 2017 12:05 am

* पूरे देश में अब पेट्रोल-डीजल की कीमतें रोज तय हुआ करेंगी. ठीक वैसे ही जैसे सोने-चांदी की होती हैं. डेली डायनमिक प्राइसिंग के आधार पर ये कीमतें रोज कम-ज्यादा हो सकती हैं. केंद्र सरकार नई व्यवस्था का परीक्षण देश के पांच शहरों- पुडुचेरी, विजाग, उदयपुर, जमशेदपुर और चंडीगढ़ में एक मई से करने जा रही है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इस परीक्षण के तहत इन शहरों में एक मई से पेट्रोल और डीजल की कीमत रोज सुबह निर्धारित की जाएगी।

*  12 अप्रैल, 2017 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी को स्थापित करने को मंजूरी दी। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने इस संस्थान के स्थापना हेतु 655.46 करोड़ रुपए दिए जाने को भी मंजूरी दी। यह संसद में पारित अधिनियम के तहत राष्ट्रीय महत्त्व का संस्थान होगा। यह संस्थान आईआईटी की तरह डिग्री दे सकेगा और इसका संचालन ढांचा भी आईआईटी की तरह होगा।

*  11 अप्रैल, 2017 को मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद ने 1 मई, 2017 से प्रदेश में प्लास्टिक थैले  पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। मंत्रिपरिषद ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण के प्लास्टिक थैले के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए ‘मध्य प्रदेश जैव अनाशय अपशिष्ट नियंत्रण संशोधन अध्यादेश, 2017’ को अनुमोदित किया।

*  3-7 अप्रैल, 2017 के मध्य 19वां राष्ट्रमंडल वानिकी सम्मेलन वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित किया गया। सम्मेलन का आयोजन वन अनुसंधान संस्थान द्वारा भारतीय वन अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार और राष्ट्रमंडल वानिकी सहयोग संगठन के सहयोग से किया जा रहा है। इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘समृद्धि और भावी पीढ़ी के लिए वन’ है। भारत में दूसरी बार इस सम्मेलन का आयोजन किया गया। वर्ष 1968 में पहली बार इस सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में किया गया था।

*  11 अप्रैल, 2017 को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल द्वारा मृत्युदंड पर रिपोर्ट जारी की गई। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2016 में चीन में सबसे अधिक फांसी की सजा दी गई। इसके बाद क्त्रमशः ईरान, सऊदी अरब, इराक और पाकिस्तान में फांसी की सजा दी गई। इन देशों में 87 प्रतिशत फांसी की सजा दी गई। इसके अनुसार वर्ष 2016 में 23 देशों में 1,032 लोगों को फांसी की सजा दी गई। जबकि वर्ष 2015 में 25 देशों में 1,634 लोगों को मौत की सजा दी गई थी। इस प्रकार वर्ष 2016 में वैश्विक स्तर पर मृत्युदंड में 37 प्रतिशत की कमी आई है।

*  उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर एक बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ के हजरतगंज में डा. अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों की जयंती पर स्कूल बंद नहीं होंगे, बल्कि अपने तय कार्यक्रम के अनुसार चलते रहेंगे और इस दिन बच्चों को महापुरुषों के बारे में पढ़ाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में महापुरुषों की जयंती और राष्ट्रीय अवकाशों को मिलाकर स्कूल लगभग 120 दिन बंद रहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App