हफ्ते का खास दिन

By: Apr 2nd, 2017 12:05 am

विश्व स्वास्थ्य दिवस

7 अप्रैल

सात अप्रैल को पूरी दुनिया में विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका मकसद दुनियाभर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार को स्वास्थ्य नीतियों के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने की शुरुआत 1950 से हुई। इससे पहले 1948 में सात अप्रैल को ही डब्ल्यूएचओ की स्थापना हुई थी। उसी साल डब्ल्यूएचओ की पहली विश्व स्वास्थ्य सभा हुई, जिसमें 7 अप्रैल से हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का फैसला लिया गया। सन् 1948 में आज ही के दिन संयुक्त राष्ट्र संघ की एक अन्य सहयोगी और संबद्ध संस्था के रूप में दुनिया के 193 देशों ने मिल कर स्विट्जरलैंड के जेनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन की नींव रखी थी।  इसका मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के लोगों के स्वास्थ्य के स्तर  को ऊंचा उठाना है। हर इनसान का स्वास्थ्य अच्छा हो और बीमार होने पर हर व्यक्ति को अच्छे प्रकार के इलाज की अच्छी सुविधा मिल सके। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होना ही मानव-स्वास्थ्य की परिभाषा है। भारत ने पिछले कुछ सालों में तेजी के साथ आर्थिक विकास किया है, लेकिन इस विकास के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कुपोषण के शिकार हैं जो भारत के स्वास्थ्य परिदृश्य के प्रति चिंता उत्पन्न करता है।  कहा जाता है बेहतर स्वास्थ्य से आयु बढ़ती है। स्वास्थ्य के लिहाज से देखें तो बांग्लादेश भारत से आगे है। भारत में औसत आयु जहां 64.6 वर्ष मानी गई है, वहीं बांग्लादेश में यह 66.9 वर्ष है। इसके अलावा भारत में कम वजन वाले बच्चों  की संख्या 43.5 प्रतिशत है ,जबकि पांच वर्षों से कम अवस्था वाले बच्चों की मृत्यु दर 66 फीसदी है और शिशु मृत्यु दर जन्म लेने वाले प्रति हजार बच्चों में 41 है। इंडिया हैल्थ रिपोर्ट 2010 के मुताबिक सार्वजनिक स्वास्थ्य की सेवाएं अभी भी पूरी तरह से मुफ्त नहीं हैं और जो हैं उनकी हालत अच्छी नहीं है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रशिक्षित लोगों की काफी कमी है। भारत में डाक्टर और आबादी का अनुपात भी संतोषजनक नहीं है। 1000 लोगों पर एक डाक्टर भी नहीं है। अस्पतालों में बिस्तर की उपलब्धता भी काफी कम है। केवल 28 प्रतिशत लोग ही बेहतर साफ.-सफाई का ध्यान रखते हैं। ग्रामीण तबके में देश की अधिकतर आबादी उचित खान-पान के अभाव में कुपोषण की शिकार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App