हमीरपुर अस्पताल में पर्स चोरी

By: Apr 21st, 2017 12:05 am

हमीरपुर  —  क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में अब एक महिला का पर्स चोरी हो गया। अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में पेश आई चोरी की इस घटना से मरीजों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटना पेश आई है। चोरी की इस वारदात में महिला के पर्स में रखा उसका मोबाइल व 1800 रुपए की नकदी पर चोरों ने अपने हाथ साफ किए हैं। महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती अपने रिश्तेदार मरीज की अटेंडेंट थी व चोरी की घटना के समय बाथरूम में कपड़े धो रही थी। महिला ने बताया कि उसने अपना पर्स भर्ती मरीज के साथ रखे दवा बॉक्स पर रखा था। जैसे ही वह कपड़े धोकर वापस लौटी, तो बाक्स पर रखा उसका पर्स गायब था। यह देख महिला ने आसपास के बेडों पर भर्ती मरीजों व तीमारदारों को उनके पर्स गुम होने के बारे में पूछा, लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं हो पाई। इसके बाद महिला अपने पर्स, नकदी व मोबाइल चोरी होने की शिकायत लेकर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के ऑफिस जा पहुंची। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. अर्चना सोनी का कहना है कि महिला की शिकायत के बाद उन्होंने सीसीटीवी की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की मदद ली जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखकर अस्पताल में सिविल वर्दी में जवानों को तैनात करने का आग्रह किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App