अंडरग्राउंड डस्टबिन का विरोध

By: May 22nd, 2017 12:05 am

धर्मशाला —  प्रदेश सहित देश भर में अंडरग्राउंड डस्टबिन स्थापित करके सुर्खियां बटौर रही स्मार्ट सिटी धर्मशाला में अब नया कारनामा देखने को मिल रहा है। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर सात सचिवालय में विदेशों की तर्ज पर लगाए जाने वाले अत्याधुनिक अंडरग्राउंड डस्टबिन का विरोध किया जा रहा है। पिछले 30-35 वर्षों से डिपो बाजार के जोधामल सराय के पास स्थित स्थान पर ही कूड़ादान रखा जा रहा है। बावजूद इसके अब स्थानीय निवासी द्वारा भूमिगत कूड़ेदान का विरोध शहरवासियों के समझ में नहीं आ रहा है। नगर निगम धर्मशाला ने पुलिस प्रशासन की मदद से गड्ढा खोदकर जल्द ही डस्टबिन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।  डिपो बाजार में लगने वाले भूमिगत कूड़ेदान का एक स्थानीय निवासी द्वारा विरोध किया जा रहा है, जबकि शहर के अन्य बांशिदों ने डिपो बाजार के इसी स्थान को सबसे बेहतरीन बताते हुए कूड़ादान लगाने की मांग उठाई है। नगर निगम के कर्मचारियों के कार्य करने पर स्थानीय व्यक्ति द्वारा बाधा भी पहुंचाई जा रही थी। इसके बाद नगर निगम धर्मशाला ने पुलिस प्रशासन की मदद से कूड़ेदान स्थापित करने का कार्य शुरू किया है। पुलिस ने मौके पर तैनात होकर सरकारी जमीन पर अंडरग्राउंड लगवाने का कार्य करवाया है। अब जल्द ही सचिवालय के डिपो बाजार में भूमिगत कूड़ेदान लगा दिया जाएगा। हालांकि कूड़ेदान को स्थापित करने से पहले एक व्यक्ति ने खूब ड्रामा करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों और निगम व पुलिस ने मामले को निपटा दिया है। उधर, नगर निगम धर्मशाला के सचिवालय वार्ड के पार्षद रोहित कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि में अंडरग्राउंड डस्टबिन लगाने के काम को रोका जा रहा था।  निगम ने पुलिस की मदद से कार्य शुरू कर दिया है। अब दो दिन में डिपो बाजार के लोगों की सुविधा के स्थान पर अंडर ग्राउंड डस्टबिन में स्थापित कर दिए जाएंगे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App