मनाली की महिला होटल व्यवसायी अनिता

By: May 21st, 2017 12:07 am

Utsavकहते हैं हर कामयाब  पुरुष के पीछे किसी महिला का हाथ होता है, लेकिन यहां वाकया कुछ अलग व हट के है। यहां एक कामयाब महिला के पीछे एक पुरुष यानी कि  अनिता मनचंदा के पति विनीत मनचंदा का हाथ उनके साथ रहा। तभी वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। दिल्ली की रहने वाली अनिता मनचंदा की अगर बात करें, तो वह आज दिल्ली से आकर मनाली में  अपना खुद का होटल चला रही हैं। अनिता मनचंदा आज मनाली की काफी महिलाओं के लिए भी प्ररेणा स्रोत साबित हुई हैं। मनाली  में उनकी जो भी महिला मित्र हैं, वे भी आज होटल व्यवसाय में अपने पैर पसारने जा रही हैं।  अनिता मनचंदा की मानें तो जब वह पहली बार पति के साथ मनाली घूमने के लिए आई थीं, तो  वह यहां की वादियों पर फिदा हो गईं। यहां के होटल में रुकने के बाद उनका भी मन मनाली में होटल बनाने का हुआ। फिर क्या था…. उन्होंने जब इस संबध में पति से बात की तो परिवार का साथ मिलते ही मनाली के सोलंगनाला में उन्होंने भूमि खरीदने के बाद अपना 20 कमरों का होटल तैयार किया, जिसकी मार्केटिंग भी वह स्वंय किया करती थी। अनिता मनचंदा की मानें तो उन्हें होटल इंड्रस्टी से संबंधित कोई भी जानकारी नहीं थी। फिर भी वह अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए आगे  बढ़ती रहीं। 20 कमरों का जब होटल तैयार किया गया, तो पर्यटन सीजन के  दौरान शुरुआती दौर में महज चार ही कमरे लगे। तब सोचा कि कारोबार चल नहीं पाएगा। कहीं ऐसा न हो कि होटल बंद करना पडे़।  फिर भी अनिता मनचंदा की हिम्मत की यहां बात करें, तो उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। होटल को सैलानियों की सुविधा के लिए और बेहतर तैयार किया। वह स्वयं देश-विदेश में होटल की मार्केटिंग के लिए गईं। इस दौरान  उन्हें कई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा।  बदलते समय के साथ जब अनिता मनचंदा ने सभी चुनौतियों को पार किया और वह धीरे धीरे ऊंचाइयों की बुलदिंयों को छूने लगीं। आज वह एक सफल होटल इंड्रस्टी की न केवल मालकिन हैं, बल्कि आज वही 20 कमरों का होटल अब 64 कमरों का बन चुका है। आज सोलंग वैली रिजॉर्ट के नाम से जाने जाने वाले सोलंग रिजॉर्ट होटल में देश से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी सैलानी यहां रुकने के लिए आते हैं। खास बात तो यह है कि यहां सैलानियों के स्वागत के लिए कुल्लवी परंपरा के अनुसार न केवल स्वागत किया जाता है, बल्कि होटल में सैलानियों को कुल्लवी संस्कृति से भी रू-ब-रू भी करवाया जाता है। यहां पर कुल्लवी नाटी का भी यहां आयोजन होता है, वहीं वीवीआईपीज की भी पहली पंसद सोलंग रिजॉर्ट बन चुका है। बालीवुड के भी कई कलाकार यहां पर आकर रुकते हैं। सोलंगनाला के पास बने सोलंग वैली रिजॉर्ट के नाम से प्रसिद्ध होटल यहां पहले एक ही हुआ करता था, लेकिन आज और भी होटल यहां बने हैं।  सोलंग वैली समर सीजन में सैलानियों से पैक रहता है। आज अनिता मनचंदा मनाली सहित दिल्ली में एक सफल होटल इंड्रस्टी  से पहचानी जाती हैं। आज अनिता मनचंदा का नाम होटल इंड्रस्टी से जुड़े लोग जानते है और इनसे संपर्क भी साधे रहते हैं। आज मार्केटिंग की दुनिया में भी वह अपने मधुर स्वभाव से काफी आगे तक बढ़ चुकी हैं। वह अपनी बेटी को भी एक सफल होटल इंड्रस्टी की ओर ले जाना चाहती हैं। अब वह अपनी बेटी को भी इस बारे टिप्स दे रही हैं।

Utsavमुलाकात

‘ सरल ’ शब्द महिला के जीवन में कम ही होता है…

आपके लिए हिमाचल केवल व्यापार की जगह है या कुछ और?

नहीं, हिमाचल में जो वातावरण है वैसा नहीं मिल सकता। एक उदेश्य यह भी रहा कि मेरा स्वास्थ्य भी बीच में ठीक नहीं रहा था, जिसके चलते यहां होटल बनाने का मकसद लोगों को भी यहां के स्वच्छ वातावरण में लाना था।

होटल व्यवसाय में ही क्यों रुचि हुई?

कुछ अलग करना चाहती थी। जिसमें मैं अपनी एक अलग पहचान बना सकूं।  पति जिस तरह से एक सफल बिजनेस मैन हैं, उन्हीं की तरह मैं भी एक बेहतर और सफल बिजनेस वूमन बनना चाहती थी।

पहाड़ों के करीब आने से आपके जीवन में आया अंतर?

बहुत अच्छे से देश-विदेश की काफी सैर की, लेकिन हिमाचल में कारोबार करना अन्य राज्यों से काफी अलग व हटकर है। होटल की  मार्केटिंग के लिए हर जगह जाना पड़ता है।

कहां…कहां पर्यटन संभावनाएं देखती हैं?

हंसते हुए, संभावनाएं हर जगह हैं। अगर व्यक्ति में स्वयं काम करने की जील हो, तो वह कहीं पर भी अपने पर्यटन का कारोबार तलाश सकता है। वैसे होटल के कारोबार की अगर बात करें तो हिमाचल सहित कई ऐसे राज्य हैं, जहां पर पर्यटन की अपार संभावनाएं है।

जो सैलानी को केवल हिमाचल दे सकता है?

वे हैं यहां का स्वच्छ वातावरण, यहां की संस्कृति धरोहरें, जो अन्य जगहों के मुकाबले अलग हैं। यहां के भोले-भाले लोग, आपसी भाईचारा व प्रेमभाव। ये सब और कहीं नहीं हैं।

जहां हिमाचल का पर्यटन पिछड़ जाता है?

जब पर्यटक को सुविधा के नाम पर ठगा जाता है, जो वादे उनसे किए जाते हैं। उनका पूरा न होना। खराब सड़कें व आने- जाने के लिए बेहतर सुविधाएं न मिलना भी एक बड़ा कारण है।

पर्यटन राज्य बनने के लिए हिमाचल को कहां तरजीह देनी होगी?

पर्यटन राज्य बनाने के लिए पहले तो सफाई व्यवस्था के साथ-साथ जो रमणीय स्थल हैं, जिनका जीर्णोद्धार नहीं हुआ है, सरकार को चाहिए कि उन स्थलों को भी पर्यटन की दृष्टि से उबारा जाना चाहिए। देश- विदेश से आने वाले सैलानियों का स्वागत भी  हर जगह बेहतर होना चाहिए।  प्रकृति ने हिमाचल को सुंदर बनाने में कोई कमी नहीं रखी है, लेकिन राज्य सरकार इसे भुना नहीं पा रही है।

होटल व्यवसाय में स्वरोजगार ढूंढते हिमाचली युवाओं को आपकी राय?

जिस भी कार्य में प्रवेश करें, उसकी शुरुआत अधूरी नहीं होनी चाहिए। प्रोफेशनल तरीके से ही हर व्यवसाय को शुरू करना चाहिए।  जब तक किसी काम की जानकारी पूरी नहीं होगी, तो वह अपने किसी भी काम में सफल नहीं हो सकेगा।

पूरे विश्व के अलग-अलग पर्यटन मॉडलों में से किस देश या राज्य को आप उत्तम मानती हैं और क्यों?

देशभर में मैं मनाली को ही अपने पर्यटन मॉडल के रूप मानती हूं। हालांकि अभी भी यहां कई चीजों की कमी है, लेकिन अगर सरकार ध्यान दे तो सब कुछ संभव हो सकता है। पर्यटन सीजन में सबसे अधिक सैलानी यहां देशभर से आते हैं। मनाली अन्य राज्यों से हटकर है। सैलानियों की अधिक संख्या होने के बाद भी यहां सीजन के दौरान सैलानी आसानी से घूमने का आनंद ले पाते हैं।  मनाली में जो भी कमी क्यों न हो, मुझे यह पंसद है।  उत्तम इसलिए भी है, यहां भारत की बात करें तो मनाली में सैलानियों को घूमने के लिए और वहां तक पहुंचने के लिए भी किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती। बर्फ  देखने के साथ-साथ सैलानी यहां देवी-देवताओं के दर्शन और उनका इतिहास से रू-ब-रू होगा। यहां की हर चीज निराली है।

कोई ऐसा अनुभव, जिसने आपको महिला सोच से एकदम अलग खड़ा कर दिया है?

मेरा अपना पैशन। जिसमें मैं एक महिला नहीं बल्कि पुरुष की तरह अपने कारोबार को चलाती हूं।

औरत के लिए जीत के मायने कितने कठिन, कितने सरल?

हां, महिलाओं को हर चीज आसानी से नहीं मिलती। जीत हासिल करने के लिए उन्हें काफी संर्षघ करना पड़ता है। उसके बाद जीत मिलना काफी मायने रखता है।  ‘सरल’ शब्द महिला के जीवन में कम ही होता है।

कोई एक तमन्ना जिसे व्यवसाय के रास्ते पूरा करना चाहती हैं?

नहीं कोई खास नहीं, लेकिन हां अपने पैशन से हटकर पीडि़त महिलाओं के लिए जरूर जीवन में कुछ करना चाहती हूं। जिसके लिए जल्द कार्य शुरू करूंगी।

  • शालिनी राय, कुल्लू

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App