अब की बार…कमल खिलाएगी भाजपा

By: Jun 29th, 2017 12:10 am

newsसुजानपुर —  इस बार के विधानसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा 60 से ज्यादा सीटें जीतकर कमल खिलाएगी और प्रदेश में भाजपा की सरकार काबिज होगी। यह शब्द सांसद अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर में कहे। रथ यात्रा के दौरान सुजानपुर में पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में अगर किसी ने रोड़ा अटकाया है, तो वह केवल प्रदेश का मुखिया है। बात प्रदेश में नेशनल हाई-वे को बनाने की हो या फिर सेंट्र्रल यूनिवर्सिटी खोलने की हो या फिर प्रदेश में मेडिकल कालेज, एम्स जैसे संस्थान खोलने की हो, हर विकास कार्य में प्रदेश के मुखिया ने रोड़ा अटकाया आया है। केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश को अब तक सात हजार करोड़ रुपए जारी किए हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि यह पैसा कहां लगाना है। इसके लिए प्रदेश सरकार भूमि तक तय नहीं कर पाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने जो राशि अब तक हिमाचल जैसे एक छोटे राज्य को दी है, 70 वर्षों में अभी तक प्रदेश को कभी नहीं मिली है। जिस तरह से प्रदेश का मुखिया भ्रष्टाचार घोटालों में संलिप्त हैं और जमानत पर छूट कर प्रदेश को चला रहा है, अगर ऐसा मंजर बिहार या यूपी जैसे राज्य में होता, तो वहां की जनता इस तरह के भ्रष्ट मुख्यमंत्री को कुर्सी से उतारकर जमीन पर ला देती, लेकिन प्रदेश की जनता शिष्टाचारी है। वह इस बात का फैसला आने वाले चुनावों में करेगी, जहां पर कांग्रेस सरकार को मात्र सात या आठ सीटों पर संतोष कर भाजपा की झोली में 60 सीटें डालेगी। प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। बात सुजानपुर उपचुनाव से लेकर नगर निगम शिमला के चुनाव तक की हो या फिर भोरंज विधानसभा के उपचुनाव की, हर तरफ प्रदेश सरकार को हार का सामना करना पड़ा है। हर बार मुंह की मार खानी पड़ी है। सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि परिवर्तन रथ यात्रा 18 जून से नयनादेवी के दरबार से शुरू हुई थी। छह विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर अब चिंतपूर्णी में समापन होगा। परिवर्तन रथ यात्रा का संदेश प्रदेश से कांग्रेस भगाओ भाजपा लाओ है, जिसे लोगों का पूरा भरपूर समर्थन मिला है। यही कारण है कि आज भारी बारिश में भी सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों ने इस परिवर्तन रथ यात्रा में शामिल होकर बता दिया है कि शीघ्र ही प्रदेश से कांग्रेस सरकार का सूपड़ा साफ  होगा और प्रेम कुमार धूमल के सान्निध्य में भाजपा कमल खिलाएंगे।

सुजानपुर में रथ यात्रा का वेलकम

सुजानपुर  —  रिमझिम फुहारों के बीच प्रदेश भाजपा की रथ यात्रा बुधवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से शुरू हुई यह रथ यात्रा करीब 20 पंचायतों से होती हुई झनियारा में समाप्त हुई। इससे पहले इस रथ यात्रा का आगाज विधिवत तरीके से सुजानपुर की पंचायत झनिक्कर से हुआ। सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर की अगवाई में निकली इस रथ यात्रा में लोगों का भरपूर समर्थन मिला।रथ यात्रा में जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर सहित प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। करीब 11 बजे शुरू हुई इस रथ यात्रा का आगाज झनिक्कर से हुआ, जहां से यह रथ यात्रा टौणीदेवी गवारड़ू, ऊहल, ऊटपुर, कक्कड़, बजरोल, जंगलबैरी, बगेहड़ा, जोल से होते हुए सुजानपुर पहुंची। सुजानपुर पहुंचने पर इस रथ यात्रा का सुजानपुर शहरी इकाई भाजपा सहित भाजपा समर्थित नगर परिषद एवं पार्षदों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद यह रथ यात्रा भलेठ तक पहुंची, जहां पर भाजयुमो उपाध्यक्ष जगन कटोच की अगवाई में युवा भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस रथ यात्रा का स्वागत किया। एक बार भाजपा बार-बार भाजपा के नारों से पूरा विधानसभा क्षेत्र भाजपामयी हो गया। इसके बाद रथ यात्रा बनाल पहुंची, जहां से होते हुए चबूतरा मझोग में कार्यकर्ताओं से मिलते हुए झनियारा में संपन्न हुई। रथ यात्रा में लोगों का भारी हुजूम उमड़ा, जिससे यह साफ जाहिर हो गया कि आने वाला समय भाजपा का है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App