कहीं जवाब न दे जाए यमुना पुल

By: Jun 24th, 2017 12:05 am

पांवटा साहिब   —  सामाजिक संस्था सिटीजन ऑफ पांवटा साहिब फॉर एकांउटेबलिटी इन गर्वनेंस ने दो राज्यों हिमाचल और उत्तराखण्ड को जोड़ने वाले यमुना पुल के टूटने की शंका जाहिर की है। इस बारे संस्था ने बाकायदा पत्रकार वार्ता कर प्रशासन को भी आगाह किया है कि समय रहते पुल की मरम्मत करें वरना कभी भी कोई हादसा हो सकता है। शुक्रवार को यहां के यमुना होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष सुबोध अब्बी, उपाध्यक्ष मनिंद्र सिंह के अलावा पदाधिकारी एमएस कैंथ, दीपक बवेजा, डा. एसपी खेड़ा व प्रदीप शर्मा आदि ने बताया कि पांवटा साहिब को हिमाचल व उतराखंड को जोड़ने वाले एकमात्र यमुना पुल के टूटने का खतरा मंडरा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पुल 1977 मे बना है। इस पुल के ठीक सामने 30 मीटर पर ही टोल टैक्स बैरियर है। यहां पर केवल एक मशीन व एक कर्मचारी पर्ची काटता है। इससे पुल के पार तक लंबी लाइन लग जाती है। इस लाइन में छोटे वाहनो के अलावा बडे बड़े ट्राले भी आते जाते है। इसके अलावा आरटीओ व एक्साइज का कार्यालय भी यहीं हैं। यहां पर प्रतिदिन 200 से ज्यादा ट्रक व बड़े ट्राले चलते है। यह ट्रक भी यहां पर लाइनों में लग जाते है। इससे पुल के दोनो तरफ लंबी कतार वाहनो की लग जाती है। इसके अलावा पुलिस चैकिंग भी है। जाम के कारण बड़े वाहनो के पुल पर खड़ा रहने के चलते पुल को खतरा पैदा हो रहा है। यह पुल करीब 40 साल पुराना है। इसलिए इसकी वहन क्षमता भी उस समय के अनुसार है। आज तो इस पर बड़े बड़े ट्राले चल रहे है। थ्री और फॉर एक्सेल की गाडि़यां 90 टन तक भार लेकर पुल से गुजरती है। पुल आजकल ज्यादा ही हिल रहा है। यह कंपकंपनी अकसर पुल क्रॉस करते हुए महसूस की जा सकती है। इसके अलावा यमुना नदी में खनन के चलते भी पुल की नींव कमजोर होती जा रही है। इसके कारण पुल को खतरा उत्पन्न हो गया है। संस्था ने निर्णय लिया है कि पुल को बचाने के लिए  संबधित अधिकारियों, प्रदेश सरकार, एनएच व केंद्र सरकार को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया जाएगा, ताकि पुल को बचाया जा सके। संस्था ने मांग की है कि पुल के पास से बैरियर को दूर किया जाएं और यहां पर चार चार विभागों के कार्यालय भी थोड़ी दूर पर शिफ्ट किए जाएं।, ताकि पुल पर लंबी लाइन न लग सके। संस्था ने प्रशासन को इस मुद्दे पर समय रहते सजग होने की अपील की है, ताकि कोई अनहोनी न हो।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App