चाहे जो भी बोल लो, विकास होकर रहेगा

By: Jun 29th, 2017 12:05 am

गगरेट —  अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं विधायक राकेश कालिया ने कहा कि वह विधानसभा क्षेत्र गगरेट में विकास का एजेंडा लेकर आगे बढ़ रहे हैं। बेशक उनके विरोधी उन पर जितना मर्जी कीचड़ उछालें लेकिन वे उन्हें अपने लक्ष्य से प्रभावित नहीं कर सकते। यह फैसला जनता करे कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में यहां कितना विकास हुआ और उनके कार्यकाल में इस क्षेत्र ने क्या-क्या पाया है। विधायक राकेश कालिया बुधवार को कुठेड़ा जसवालां गांव में करीब साढ़े 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सिंचाई योजना जनता को समर्पित करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस सिंचाई योजना से करीब 35 हैक्टेयर उपजाऊ भूमि को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। राकेश कालिया ने कहा कि कुठेड़ा जसवालां गांव में चार रुपए की लागत से तीन सिंचाई योजनाएं और स्थापित की जा रही हैं। यही नहीं बल्कि क्षेत्र में आठ सिंचाई योजनाओं के साथ सात पेयजल योजनाएं भी स्थापित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त पंद्रह पुरानी सिंचाई योजनाएं जो बूढ़ी हो चुकी हैं उनके स्थान पर नए बोरबेल करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने इस कार्यकाल में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र गगरेट में कई विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया है और विधानसभा चुनावों से पूर्व जब वह जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे तो यह उपलब्धियों भरा होगा। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा चले हुए विकास कार्यों में अड़ंगा तो डाल सकती है, लेकिन विकास कभी नहीं करवा सकती। इसका ज्वलंत उदाहरण भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप से स्वां नदी व इसकी सहायक खड्डों के तटीकरण का रुका हुआ कार्य है। उन्होंने कहा कि अगर बरसात के मौसम में रुके हुए तटीकरण के कार्य से किसी का नुकसान हुआ तो क्या भाजपा उसकी भरपाई करेगी? इस अवसर पर सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता संजय ठाकुर, सहायक अभियंता अश्विनी धीमान, अश्विनी चौधरी, लंबरदार कर्म चंद, उपप्रधान रोहित शैली, ब्लाक कांग्रेस प्रवक्ता अजय ठाकुर, अजेश जसवाल, उमेध सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद थे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App