जानकारी

By: Jun 25th, 2017 12:05 am

हाथी के दांत

बच्चो, शायद हाथी ही एक मात्र ऐसा जानवर है जिसके पास दांतों के दो सेट होते हैं। एक सेट मुंह के अंदर, एक सेट बाहर। हाथी अपने इन दांतों से करते क्या हैं, जो पत्ते व ईख वगैरा हाथी भोजन के रूप में खाते हैं, उसे अपने मुंह के भीतर वाले दांतों से चबाते हैं। मुख के बाहर दिखने वाले दांत भोजन खाने अथवा चबाने में हाथी की कोई सहायता नहीं करते। तभी तो कहते हैं। ‘हाथी के दांत, खाने के और दिखाने के और’। हाथी की सूंड के दोनों ओर दो लंबे दांत निकले होते हैं। इन्हें ही हम उसके बाहरी दांत कहते हैं। हाथी के ये दांत 6 फुट से भी अधिक लंबे हो सके हैं। अफ्रीकी हाथी के दांत सबसे लंबे होते हैं। अभी तक के रिकार्ड के अनुसार हाथी के सबसे लंबे दांत की लंबाई 301 सेंटीमीटर रही है। क्या हाथी के ये दांत केवल दिखावे के ही होते हैं। बच्चो, शरीर का कोई भी अंग मात्र दिखावे के लिए नहीं होता। शरीर के सभी अंग किसी न किसी काम के लिए बने होते हैं। आओ जानें कि हाथी अपने इन दो बड़े-बड़े दांतों से क्या काम लेता है। हाथी के यह दांत बहुत मजबूत होते हैं। अपने इन दांतों का प्रयोग वे अपने नन्हें बच्चों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए करते हैं। इन दांतों से वह भूमि के नीचे की जड़ों को खोदने का काम भी लेते हैं। और यह नुकीले दांत शत्रु से बचाने में उसकी बहुत मदद करते हैं। इनसे वह अपने शत्रु को घायल कर देता है। हाथी की मौत के बाद ये दांत मनुष्य के भी बहुत काम आते हैं। इन से बहुत सी सुंदर वस्तुएं बनती हैं। इसलिए ही ये बहुत कीमती होते हैं।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App