परिवर्तन रथयात्रा जनता को गुमराह करने का प्रयास

By: Jun 29th, 2017 12:02 am

शिमला— भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण प्रचार किया जा रहा है, क्योंकि उनके पास सरकार के खिलाफ बोलने को कुछ भी नहीं है। भाजपा की ‘परिवर्तन रैली’ झूठे व निराधार दुष्प्रचार के जरिए लोगों को गुमराह करने का प्रयास है, ताकि आने वाले चुनावों में इसका लाभ उठाया जा सके। बुधवार को यहां जारी बयान में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. कर्नल धनी राम शांडिल व पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लोग भाजपा की इस प्रकार की रणनीति से भलीभांति परिचित हैं और पूर्व विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा को उपयुक्त जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की यह आम रणनीति रही है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर प्रहार किया जाए, क्यांकि वे भलीभांति जानते हैं कि वीरभद्र सिंह के कारण उनका सत्ता में आने का स्वपन पूरा नहीं हो सकता। भाजपा नेता वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के ऐसे मामलों के आरोप लगा रहे हैं, जिनकी विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियां जांच कर रही हैं, जिसकी शीघ्र ही सच्चाई सामने आ जाएगी। यह हैरानी की बात है कि भाजपा के किसी भी नेता ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के खिलाफ करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार का उल्लेख नहीं किया है। इसी प्रकार भाजपा के अन्य महत्त्वपूर्ण नेताओं के खिलाफ भी हाल ही में भ्रष्टाचार के आरोप लगे है, जिन पर भाजपा चुप है और मोदी सरकार में भारत में भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने की डींगें हांक रहे हैं।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App