रामपुर में इस बार होगा भगवा राज

By: Jun 24th, 2017 12:05 am

रामपुर बुशहर – शुक्रवार को भाजपा की रथयात्रा सुबह 11 बजे रामपुर पहुंची। रथ में सवार सांसद रामस्वरूप का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। शहर के बीच में स्थित पुरोहित मंदिर परिसर के बाहर भाजपा द्वारा एक आमसभा का आयोजन किया गया। सभा को भाजपा के नेताओं द्वारा संबोधित किया गया, जिसके बाद दोपहर बाद रथयात्रा सराहन के लिए रवाना हो गई। सांसद रामस्वरूप ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में केवल तीन ही राज्य ऐसे बचे हैं, जहां पर भाजपा का शासन नहीं है। पूरे देश में नरेंद्र मोदी की विचारधारा से प्रभावित होकर लोगों ने कांग्रेस और अन्य सरकारों को उखाड़ कर फेंकने का काम किया है। छह महीने बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और इस बार रामपुर में अवश्य ही भगवा लहराएगा। क्योंकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जन विरोधी निर्णय ले रही है और लोगों को सही विकास की ओर नहीं ले जा पा रही है, जबकि केंद्र सरकार प्रदेश को पहले के मुकाबले तीन गुना अधिक धनराशि मुहैया करवा रही है। बावजूद इसके इस धनराशि को जनकल्याण के लिए नहीं लगाया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को 60 से ज्यादा नए एनएच दिए गए हैं, परंतु प्रदेश सरकार ने एक भी डीपीआर तैयार नहीं की है। ज्यूरी में बनने वाले इंजीनियरिंग कालेज का अब तक कोई अता-पता नहीं है, जबकि इस कालेज की कक्षाएं सुंदरनगर में चलाई जा रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा सिंचाई योजनाओं के लिए दो हजार करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं, परंतु फिर भी पेयजल के लिए लोग तरस रहे हैं। प्रधानमंत्री बागबानी योजना से बागबानों को लाभ मिलेगा। रामस्वरूप ने बताया कि प्रधानमंत्री से जुड़ी किसी भी योजना को वीरभद्र सरकार द्वेष भावना के कारण लागू नहीं कर रही है।  उनके साथ भाजपा नेता प्रेम सिंह द्रैक, मंडल अध्यक्ष शशी भूषण श्याम, नीना शर्मा,  भूपेश धीमान, श्याम मेहता, कुलवीर खुंद, नरेश चौहान, उषा मेहता, अनु पौंड, मनोज  अग्रवाल, विजय गुप्ता, डिंपल बजीर के अलावा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App